समय पर दी जाएगी पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति
कलेक्टर ने प्राचार्यों की बैठक में दिए कड़े निर्देश
भास्कर संवाददाता | सागर
अजा, अजजा, पिछड़ा वर्ग एवं अल्प संख्यक वर्ग के विद्यार्थियों को पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के तहत कलेक्टर विकास नरवाल ने प्राचार्यों की बैठक ली। उन्होंने पात्रता अनुसार छात्रवृत्ति, आवास भत्ता एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने निर्देश दिए। कलेक्टर सभाकक्ष में बुधवार को शासकीय एवं अशासकीय कालेजों के प्राचार्यों एवं संबंधित अधिकारियों को कलेक्टर नरवाल ने निर्देश दिए है कि पात्र विद्यार्थियों को समय पर आवेदन भरवा दें। ताकि छात्रवृत्ति स्वीकृत करने में परेशानियां न हो। नरवाल ने कहा कि ऑनलाइन आवेदन कराने में आ रही दिक्कतों के समाधान के लिए सूचना केंद्र प्रभारी प्रशांत करोले से संपर्क कर सकते हैं। छात्रवृत्ति की पात्रता के लिए छात्र की 75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य है। नियमों में संशोधन के लिए शासकीय एवं अशासकीय कालेजों के दो-दो प्राचार्यों एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों की समिति बनाकर प्रस्ताव शासन को भेजे जाने के लिए कहा। आवास भत्ता के संबंध में नरवाल ने कहा कि जो छात्र शासकीय छात्रावासों में रह रहे हैं। उन्हें आवास भत्ता नहीं दिया जाएगा। उन्होंने आवास प्रमाणपत्र के संबंध में भी उपस्थित संस्थाओं के प्राचार्यों को दिशा निर्देश दिए। पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति एवं आवास भत्ता विद्यार्थियों के बैंक खातों में ही जमा होगा।