पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • विजय टॉकीज व नमकमंडी तरफ ठेला वालों को अस्थाई जगह दी

विजय टॉकीज व नमकमंडी तरफ ठेला वालों को अस्थाई जगह दी

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
फुटकर फल विक्रेताओं को तीन माह के लिए मस्जिद से नमकमंडी एवं विजय टॉकीज चौराहा रोड तरफ हाथठेला लगाकर व्यवसाय के लिए बैठाया जाएगा। इसके लिए नाप भी शुरू कर दी गई है। एक दो दिन में यहां लाइन भी डाल दी जाएगी। सभी 44 ठेले वालों काे यहीं बैठाया जाएगा। यह निर्णय शुक्रवार को कटरा पुलिस चौकी में हुई बैठक में लिया गया। बैठक में तहसीलदार अनिल जैन, यातायात थाना प्रभारी दिलीप श्रीवास्तव, ननि के अतिक्रमण प्रभारी शिव पहलवान एवं बाजार विभाग से देवकुमार एवं इंजीनियर राजकुमार साहू मौजूद थे। इस दौरान तय हुआ कि जब तक पुरानी सब्जी मंडी में फल वालों के बैठने की व्यवस्था नहीं हो जाती, सभी यहीं बैठेंगे। निगम के अतिक्रमण प्रभारी शिव पहलवान ने बताया कि जल्दी ही लाइन डलने के बाद व्यापारियों से शपथ-पत्र लेकर सभी को यहां बैठा दिया जाएगा।

हमने लिखित में दिया है अपना सुझाव
यातायात थाना प्रभारी दिलीप श्रीवास्तव ने बताया कि मस्जिद से लेकर नमकमंडी एवं विजय टॉकीज चौराहा तरफ वन-वे होने के कारण ट्रैफिक कम है। लिहाजा यहीं पर सभी को बैठाएंगे। तीन बत्ती वाली सड़क तरफ ट्रैफिक का दवाब भी बहुत है। यहां जुलूस, प्रदर्शन आदि के आयोजन भी होते रहते हैं। लिहाजा इस संबंध में हमने लिखित में निगम प्रशासन को पत्र दे दिया है कि कटरा मस्जिद से नमकमंडी एवं विजय टॉकीज तरफ सड़क किनारे एक तरफ ठेला लगवाना उचित रहेगा।

हम तो तीन बत्ती तरफ ही बैठेंगे
जिला फुटकर फल विक्रेता संघ के अध्यक्ष विजय कुमार खटीक एवं सचिव पप्पू खटीक, कमल सूर्यवंशी, सूरज खटीक, आशीष खटीक आदि का कहना है कि हम तो तीन बत्ती से मस्जिद तरफ वाली सड़क किनारे ही बैठेंगे। प्रदेश के मुख्य सचिव एंटोनी डिसा ने फल वालों के भविष्य की चिंता कर रोजी-रोटी की व्यवस्था की है। इसी के पालन में कलेक्टर ने हमें तीन बत्ती से मस्जिद क्षेत्र में ही बैठने के निर्देश जारी किए हैं। इसी के पालन में निगमायुक्त ने गुरुवार को पत्र जारी कर लिखा है कि कटरा बाजार से हटाए गए फल विक्रेताओं को तीन माह के लिए मस्जिद से तीन बत्ती फर्श पर हाथ ठेला लगाकर व्यवसाय के लिए बैठाया जाएगा। इस संबंध में यह ही बैठक हुई। हम किसी भी कीमत पर किसी और जगह पर नहीं बैठेंगे। शुक्रवार की शाम अलग जगह पर विस्थापित करने की जानकारी लगने पर हमने तुरंत ही यातायात पुलिस एवं ननि प्रशासन को भी अपनी बात बता दी थी। अगर नहीं माने तो हम फिर से कलेक्टर एवं भोपाल जाकर सीएस से मिलेंगे।

खबरें और भी हैं...