सागर. शहर का पॉश इलाका अंकुर कॉलोनी। समय दोपहर 12.30 बजे। बिजली कंपनी में इंजीनियर जैन की पत्नी को अकेली पाकर लूटने के लिए घर में घुस बैठे दो हथियारबंद बदमाश। चाबी मांगी, गरदन पर चाकू अड़ा दिया।
महिला के साहस को सलाम कि वे अकेली ही इन बदमाशों से भिड़ गईं। नतीजा चाकूधारी दोनों बदमाश भागते नजर आए। हालांकि इस दौरान जैन की प|ी के हाथ में चाकू लग गया।
इस घटना के बाद पूरे शहर में सनसनी फैल गई। हालांकि जिसने भी सुना, वह श्रीमती जैन के साहस की तारीफ किए बिना नहीं रह सका। वारदात गुरुवार दोपहर मकरोनिया की अंकुर कॉलोनी में हुई।
पुलिस के अनुसार कॉलोनी में बिजली कंपनी में इंजीनियर डीके जैन की प|ी श्रीमती मीना जैन घर में अकेली थीं। इसी दौरान दो युवक बाइक पर सवार होकर उनके घर आए। उन्होंने श्रीमती जैन से कहा कि आंटी हमारी गेंद आपके मकान की छत पर चली गई है। श्रीमती जैन ने सरल लहजे में कहा कि उठा लाओ। इस पर एक युवक मकान की छत पर चला गया और दूसरा युवक (जो मुंह पर कपड़ा बांधे हुए था) बाहर खड़ा रहा।
कुछ देर बाद युवक छत से वापस लौटा और कहा कि आंटी गेंद नहीं मिली। इस दौरान उसने श्रीमती जैन से कहा आंटी प्यास लगी है, एक गिलास पानी मिलेगा। श्रीमती जैन पानी लेने किचन में चली गईं। इस बीच युवक परदे के पीछे छिप गया। श्रीमती जैन जैसे ही पानी लेकर आईं, परदे के पीछे छिपे युवक ने उनकी गर्दन पर चाकू अड़ा लिया और अलमारी की चाबी मांगने लगा। श्रीमती जैन के मुताबिक पहले तो वे बहुत घबरा गईं, लेकिन फिर उन्होंने साहस दिखाया। एक हाथ से चाकू पकड़ लिया और जोर-जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया। इसी बीच दूसरे हाथ से उन्होंने युवक को मारने की कोशिश की।
छीनाझपटी में उनके हाथ में चाकू लग गया। उन्हें चिल्लाता देख शायद बदमाश ही उल्टे घबरा गए। उन्हें छोड़कर वे बाहर की तरफ को भागे। जब तक वे कुछ समझ पातीं तब तक तो दोनों बदमाश बाइक पर सवार होकर भाग निकले। श्रीमती जैन के मुताबिक एक युवक एक दिन पहले भी छत पर गेंद उठाने के बहाने आया था। अंदेशा है कि वह घर की रैकी करने आया होगा। घटना के बाद पड़ोसी इकट्ठे हो गए।
पुलिस को सूचना मिलते ही नाकाबंदी की गई लेकिन बदमाशों का सुराग नहीं लग पाया है। गुरुवार को पूरे दिन मकरोनिया इलाके में इसी घटना की चर्चा रही। पुलिस के मुताबिक बदमाशों के स्कैच बनवाए जा रहे है।