- Hindi News
- फुटबाॅल : अंतिम क्वार्टरफाइनल 2 1 से जीतकर ओसीएल क्लब सेमीफाइनल में
फुटबाॅल : अंतिम क्वार्टरफाइनल 2-1 से जीतकर ओसीएल क्लब सेमीफाइनल में
प्रतियोगिता के पहले सेमीफाइनल में आज सदर रेड बी और न्यू स्टार के बीच भिड़ंत होगी
नगरसंवाददाता | सागर
कजलीवनमैदान पर जिला फुटबॉल संघ के तत्वावधान में चल रहे 15वें भारत र| राजीव गांधी फुटबॉल टूर्नामेंट के अंतिम क्वार्टर फाइनल मुकाबले को जीतकर ओसीएल क्लब की टीम सेमीफाइनल में पहुंच गई है। बुधवार को हुए रोमांचक मुकाबले में ओसीएल क्लब ने सदर ब्लूज को 2-1 से हराया। मैच की शुरुआत में ही ओसीएल क्लब ने आक्रामक खेल दिखाते हुए गोल करने का बेहतरीन प्रयास किया, जिसे टाइटन क्लब के गोलकीपर ने उतनी ही खूबसूरती से रोक भी लिया। जवाब में ओसीएल क्लब के खिलाड़ियों ने 3-2-3 की पद्धति से छोटे-छोटे पासिंग द्वारा सदर ब्लूज पर हमला किया, लेकिन सदर ब्लूज की मजबूत रक्षापंक्ति को भेदने में असफल रहे। दोनों ही टीमें सेमीफाइनल में पहुंचने की जद्दोजहद में लगी हुई थीं, हालांकि उन्हें गोल करने में सफलता नहीं मिल पा रही थी। इस बीच पहले हाफ के 27वें मिनट में ओसीएल क्लब के खिलाड़ी निक्की ने खूबसूरत मैदानी गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। टीम की यह बढ़त पहले हाफ तक बरकरार रही। दूसरे हाफ में सदर ब्लूज ने लगातार पलटवार करते हुए मुकाबले में वापसी की जीतोड़ मेहनत की,लेकिन उन्हें गोल करने में मदद नहीं मिल सकी। दूसरे हाफ के 27वें मिनट में ओसीएल क्लब के प्रभांशु ने गोल कर टीम की बढ़त 2-0 कर दी। मुकाबले में ओसीएल क्लब की जीत लगभग तय हो चली थी कि मैच समाप्ति से एक मिनट पहले सदर ब्लूज के मिथ्थू ने गोल कर सिर्फ स्कोर 2-1 कर दिया, बल्कि फुटबॉल का रोमांच भी चर्म पर पहुंचा दिया। इसके बाद सदर ब्लूज ने मैच बराबरी का प्रयास किया, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। मुकाबला 2-1 से जीतकर ओसीएल क्लब सेमीफाइनल में पहुंच गई। निर्णायक डैनी केशरवानी, दविंदर भाटिया, सद्दाम थे। फोर्थ निर्णायक गंगाराम चौरसिया थे। कांग्रेस कमेटी के डॉ. संदीप सबलोक ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय दिया। प्रतियोगिता का पहला सेमीफाइनल मुकाबला गुरुवार को दोपहर 3 बजे से सदर रेड बी और न्यू स्टार क्लब के बीच खेला जाएगा।