सागर। दलपतपुर क्षेत्र में कनारी तिराहा के पास एक बोलेरो अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई और खाई में जा गिरी। इससे एक व्यक्ति की मौत हो गई और13 लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। खटौरा कला निवासी सभी लोग सौंर परिवार के हैं और सगाई कार्यक्रम में शामिल होने सीहोरा जा रहे थे। घटना गुरुवार शाम करीब 5 बजे की है।
पुलिस के अनुसार खटौरा कला निवासी मुन्ना भाई सौंर के बेटे रूप सिंह की सगाई करने 22 लोग बोलेरो से सीहोरा की तरफ जा रहे थे। तभी कनारी तिराहा के पास बोलेरो पेड़ से टकरा गई और खाई में जा गिरी। घटना में बड़े पुत्र जीरे सिंह की मौके पर मौत हो गई।
जीप में सवार हरी सिंह (12), गजेंद्र (10), राजू (15), सोनू (13), गीता (8), मुकेश (4), हल्काईं (5), नन्हे (35), धरमू (58), मोहन (30), मुन्ना (50), मुलायम (25), प्रताप (40) घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ घायलों को बंडा की अस्पताल भेजा गया है। घटना के बाद घायलों को जिला अस्पताल लाया गया। जहां इलाज जारी है।