पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • सर्वे करने पहुंची इनकम टैक्स की टीम को भगाया

सर्वे करने पहुंची इनकम टैक्स की टीम को भगाया

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
सागर। सोना-चांदी के थोक कारोबारियों के यहां सर्वे करने पहुंची इनकम टैक्स की टीम को लामबंद हुए काराेबारियों ने खदेड़ दिया। कारोबारियों के अनुसार इनकम टैक्स विभाग के अधिकारी उनसे 50-50 लाख रुपए रिश्वत के रूप में मांग रहे थे। घटना गुरुवार देररात करीब 11.15 बजे की है। जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 1 बजे इनकम टैक्स विभाग ने ये कार्रवाई केशवगंज एवं सराफा बाजार निवासी सोना-चांदी के व्यापारी पदम जैन एवं चांदी के थोक व्यवसायी सुनील जैन के निवास पर की।

टैक्स जमा कराने के नाम पर 50 लाख रुपए रिश्वत मांगी : जिला सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष गोविंद जड़िया के अनुसार आयकर विभाग की टीमें दिन भर से दोनों व्यापारियों पर दबाव बना रही थी। जबकि उन्हें समझाइश दी गई कि जो अतिरिक्त आय रही है, आप उस पर टैक्स ले लें। लेकिन टीम में शामिल अफसर अतिरिक्त टैक्स के अलावा दोनों व्यवसायियों से 50-50 लाख रुपए रिश्वत मांग रहे थे। यह बात धीरे-धीरे पूरे सराफा में फैल गई। जिसके बाद देररात व्यापारी सैकड़ों की संख्या में एकत्र हो गए। जिसके चलते टीम को अपना कामकाज समेटकर वापस लौटना पड़ा।

दिनभर दस्तावेज छांटते रहे, रात में रिश्वत मांगने लगे : कारोबारीसुनील जैन के अनुसार इनकम टैक्स विभाग के अधिकारी पूरे दिन दस्तावेज छांटते रहे। जबकि उन्हें बता दिया गया था करीब 25 किग्रा चांदी अतिरिक्त है। इसलिए आप इस पर नियमानुसार जो टैक्स बनता है, ले लें। लेकिन उन्होंने रात 10 बजे के बाद 50 लाख रुपए मांगना शुरू कर दिए। दूसरे कारोबारी पदम जैन के भाई प्रदीप जैन का कहना है कि हमारे यहां सर्वे में 400 ग्राम सोना अतिरिक्त मिला था। हम लोगों ने भी टीम से कहा कि आप टैक्स ले लें लेकिन उन्होंने 50 लाख रुपए रिश्वत के रूप में मांगे। इनकम टैक्स अफसरों का कहना था कि जब तक आप लोग 50-50 लाख रुपए नहीं देंगे, टैक्स नहीं बनाया जाएगा। सर्वे की कार्रवाई भी अगले दिन तक चलेगी। मांगी गई रकम दे देंगे तो कार्रवाई अभी खत्म कर देंंगे।

कोतवाली में शरण ली, फोन रिसीव नहीं किया : सर्वे स्थल से निकलने के बाद इनकम टैक्स के अफसरों ने कोतवाली थाना में शरण ली। हालांकि पुलिस का कहना है कि उन्होंने उनके साथ हुए घटनाक्रम के बारे में कोई शिकायत नहीं की है। इधर दैनिक भास्कर ने इनकम टैक्स के अपर आयुक्त सुधीरकुमार से पूरे मामले पर उनका पक्ष जानना चाहा तो जवाब देने के बजाए फोन काट दिया। इसके बाद उनका फोन दोबारा रिसीव नहीं हुआ।

आज सराफा बंद रखेंगे, ज्ञापन देंगे : इस मामले में एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष जड़िया का कहना है कि इनकम टैक्स विभाग के अधिकारी व्यापारियों से चाेरों की तरह व्यवहार कर रहे थे। जबकि व्यापारी कमी के अनुसार टैक्स देने के लिए तैयार थे। इसके बावजूद व्यापारियों को उन्होंने प्रताड़ित किया। जिसके चलते ये स्थिति बनी।
जड़िया के अनुसार एसोसिएशन इनकम टैक्स विभाग की रिश्वत मांगने की बात को कतई बर्दाश्त नहीं करेगा। इसलिए शुक्रवार को हम सभी व्यापारी सामूहिक बंद रखेंगे। इस संबंध में सरकार को ज्ञापन भी दिया जाएगा। जिसमें रिश्वत मांगने और बिना सर्च वारंट घरों की तलाशी पर आपत्ति ली जाएगी।

व्यापारी की तबीयत बिगड़ी : इनकम टैक्स विभाग की टीम के जाने के बाद व्यवसायी सुनील जैन की तबीयत मामूली रूप से बिगड़ गई। उन्होंने बताया कि वे एडिना कॉलेज ऑफ फार्मेसी के संचालक हैं। उन्हें जैसे ही सर्वे की जानकारी मिली। वे तत्काल घर लौट आए। यहां आकर उन्होंने विभाग के अधिकारियों से कहा कि आप नियमानुसार कार्रवाई करें। इसके बावजूद उन्होंने दुर्व्यवहार किया। काॅलेज के दस्तावेज भी खंगाले।