जनपद अध्यक्ष का आरोप-सांसद निधि में भ्रष्टाचार हुआ
राहतगढ़ की जनपद अध्यक्ष कांति बाई ने क्षेत्रीय विधायक पारुल साहू के बाद सांसद लक्ष्मी नारायण यादव को अपने निशाने पर लिया है। अध्यक्ष कांति बाई का आरोप है कि सांसद निधि में भ्रष्टाचार किया गया है।
सांसद ने अपने खेत में तालाब खुदवाया, उसी खेत से लगे रास्ते पर तालाब की खुदाई में निकला मटेरियल डाला गया। जिस जगह तालाब बनवाया गया है वह स्थान मानक चौक ग्राम पंचायत में आता है। उसी रोड के लिए सांसद निधि से 6 लाख की राशि मंजूर की गई। वहीं दूसरी ओर मस्टर रोल में फर्जी नाम भरकर उसका भुगतान निकाल लिया जाता है।
अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि राहतगढ़ जनपद क्षेत्र की 81 पंचायतों में से सांसद ने सिर्फ अपने चहेतों और यादव समाज के सरपंचों को सांसद निधि देकर उपकृत किया जाता है। मसलन सांसद निधि से पंचायत बासौदा में 6 लाख, शिकारपुर मे 12 लाख, चौकी मे 5 लाख, मर्दानपुर में 3 लाख की राशि सिर्फ इस कारण स्वीकृत की गई कि वहां के सरपंच यादव समाज के हैं। इसके अलावा राहतगढ़ भोपाल तिराहे से विदिशा तिराहे तक पाइप लाइन बिछाने 9.73 लाख का ठेका सांसद के चहेतों को दिया गया। लेकिन लाइन अब तक चालू नहीं हुई है।
टैंकरों के कोटेशन में नहीं हुआ मापदंडोंं को पालन : सांसद पर आरोप है कि उन्होंने कई पंचायतों को टैंकर स्वीकृत किए। जिनके लिए सांसद निधि से सवा लाख से लेकर डेढ़ लाख रुपए मंजूर की गई है। बाजार में टैंकर 80 से 85 हजार रुपए में बन जाता है। टैंकरों के कोटेशन में जो बिल लगे हैं उनमें मापदंडो का पालन नहीं किया गया है। जैसे टैंकर में कमानी, नए टायर।
जांच कराने का निवेदन : अध्यक्ष ने सांसद से निवेदन किया है कि वे सांसद निधि से हुए निर्माण कार्यों की जांच करा लें। इससे अपने आप पता चल जाएगा कि 60 प्रतिशत राशि का भ्रष्टाचार कौन से कामों में हुआ है। आपने राहतगढ़ सहित प्रदेश की अन्य जनपद प्रतिनिधियों और अधिकारियों पर भ्रष्टाचार के जो आरोप लगाए हैं वे काल्पनिक हैं। इसके लिए आपको माफी मांगनी चाहिए नहीं तो प्रदेश की सभी जनपदों के जनप्रतिनिधि इसका विरोध करेंगे।