वैश्विक पर्यटन स्थल बनेगा हनुवंतिया
खंडवा में मौजूद इंदिरासागर के टापुओं को विश्व स्तर का पर्यटन स्थल बनाने के लिए पीपीपी (पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप) मोड पर काम कराया जाएगा। हनुवंतिया में शुक्रवार को प्रदेश के पहले 10 दिवसीय जल महोत्सव के शुभारंभ पर मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने यह घोषणा की। उन्होंने कहा इंदिरासागर में 90 से ज्यादा टापू हैं। हम चाहते हैं इन टापुओं पर होटल बनें। यहां इतने साधन बनाए जाएं कि लोग आएं तो दो-तीन तक रुक सकें। कार्यक्रम में केंद्रीय शहरी विकास मंत्री वैंकेय नायडू ने हनुवंतिया को अकल्पनीय पर्यटन स्थल बताया।
समारोह में नायडू ने कहा,‘मैंने सोचा भी नहीं था कि इतना सुंदर स्थान मप्र में होगा। इसमें विश्व स्तर का पर्यटन स्थल बनने की पूरी संभावनाएं हैं।’उन्होंने यहां काम करने की जरूरत बताई। उद्घाटन समारोह से पहले मुख्यमंत्री चौहान व केंद्रीय मंत्री नायडू ने हॉट एयर बलून को हरी झंडी दिखाकर रोमांचक खेलों की शुरुआत की।