भारत किसान संघ के प्रतिनिधि मंडल ने की सीएम से चर्चा
भारत किसान संघ के प्रतिनिधि मंडल ने की सीएम से चर्चा
सागर | भारत किसान संघ के जिलाध्यक्ष मेहरबान सिंह के नेतृत्व में संघ के प्रतिनिधि मंडल ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह से रविवार को भोपाल में मुलाकात की। यहां जिलाध्यक्ष ने सीएम से तीन समस्याओं पर चर्चा की। इनमें नर्मदाजी को गौरझामर परिक्षेत्र सुनार नदी से जोड़ने, बीना नदी परियोजना स्वीकृत करने, सागर में कृषि विश्वविद्यालय खोलने की मांग की गई। इस पर सीएम ने कहा कि बीना नदी परियोजना की स्वीकृति का कार्य तेजी से चल रहा है व अन्य दो समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया। किसान संघ को जनभागीदारी में सम्मलित करने की बात की तथा कहा कि किसानों के कृषि यंत्रों की अनुदान राशि सीधे किसानों के खाते में डाली जाएगी। इस अवसर पर मंजरी दीक्षित, हरदास साहू, राजेन्द्र सोनी, राम लखन सिंह आदि मौजूद रहे।
मंदिर में लगा भक्तों का मेला
सागर | सोमवार को अमावस्या पर्व पर छापरी के आशापुरी धाम में बड़ी संख्या में भक्त जन दर्शन करने पहुंचे। यहां अमावस्या और पूर्णिमा पर्व पर विशेष आयोजन किए जाते हैं। इसके चलते आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों सहित दूर दराज से भक्तजन अपनी मनोकामना लेकर यहां आते हैं। मान्यता है कि यहां भक्त जन जो भी मनोकामना करते हैं उनकी मनोकामना मां पूरी कर देती हैं। विशेष रूप से यहां पर्व पर भक्तजन सुबह से ही आना शुरु हो जाते हैं। देर शाम तक मां के जयकारों से पूरा धाम गूंजता रहता है। भजन मंडली आकर्षक भजनों से भक्तों को भाव भाव विभोर कर देती हैं। छापरी हार में बने आशापुरी धाम मंदिर में भक्तों के सभी कष्ट दूर होते हैं।
विश्व हिन्दू परिषद की जिला बैठक हुई
सागर | वात्सल्य स्कूल में मंगलवार को विहिप की जिला बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में क्षेत्रीय मंत्री राजेश तिवारी ने बताया कि रामनवमीं पर प्रत्येक तहसील स्तर पर राम का विग्रह स्थापित किया जाएगा। रामनवमीं पर हवन पूजन कर शोभायात्रा भी निकाली जाएगी। प्रांत सहमंत्री राजकुमार सिंह ने धर्मरक्षा निधि के बारे में बताया। विभाग मंत्री बसंत श्रीवास्तव ने मई महीने में आयोजित दुर्गावाहिनी, बजरंग दल एवं परिषद शिक्षा वर्ग के संदर्भ में प्रकाश डाला। बैठक में शिवशंकर मिश्रा, करण बहादुर श्रीवास्तव, ज्ञानेंद्र श्रीवास्तव, रमन जारौलिया, प्रेम शंकर दुबे आदि उपस्थित थे।
कल अर्चना घोषी होगी सम्मानित
सागर | राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी अर्चना घोषी को मप्र शासन उच्च शिक्षा विभाग भोपाल द्वारा 11 फरवरी को लक्ष्मण सिंह गौड अवॉर्ड दिया जाएगा। इससे पहले भी श्रीमति घोषी मप्र शासन और भारत सरकार द्वारा सम्मानित हो चुकी है।
शाम 7 बजे से स्ट्रीट लाइटें बंद रही
सागर | कटरा, नमकमंडी, कीर्ति स्तंभ व शुक्रवारी जाने वाले मार्ग की स्ट्रीट लाइटें शाम 7 बजे से देर रात तक बंद रही। इससे यहां से आने-जाने वाले राहगीरों व वाहन चालकों को परेशानी हुई व दुर्घटना होने की आशंका बनी रही।
धूम्रपान पर जुर्माना वसूला जाए : सीईओ
बीना | जनपद पंचायत सभाकक्ष में तंबाकू नियंत्रण कानून के प्रभावी क्रियान्वयन पर कार्यशाला हुई। कार्यशाला में मप्र वालेंटरी हेल्थ एसोसिएशन के आनंद कुमार ने कहा सार्वजनिक स्थानों पर इस कानून के तहत धूम्रपान निषेध है और उल्लंघन करने पर 200 रुपए के जुर्माने का प्रावधान है। सीईओ राकेश शुक्ला ने कहा हर विभाग तंबाकू नियंत्रण के लिए पहल शुरू करे। दफ्तर में कोई धूम्रपान करता है तो जुर्माना किया जाए। बीएमओ डॉ. संजीव अग्रवाल ने कहा कि ब्लॉक स्तर पर तंबाखू आपदा एवं कानून के लागू करने दल बनाए जाएं।