महापौर ने ली स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक, वार्डों में जरूरत के हिसाब से रखे जाएंगे सफाईकर्मी
सागर। शहर से कचरा उठाकर उसे हफसिली तक पहुंचाने का काम निगम ठेके पर देने जा रहा है। लेवर वाहन दोनों ठेकेदार के होंगे। निगम वाहनों में जीपीएस डिवाइस लगवाकर इस काम की मॉनीटरिंग करेगा। जिससे वाहनों की फेरी डीजल की खपत को लेकर फर्जीवाड़े की गुंजाइश नहीं रहेगी। महापौर इंजीनियर अभय दरे ने शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में इस योजना पर चर्चा की।
अभी 80 कर्मचारी लगे हैं इस काम में : महापौर ने बताया कि अभी 80 कर्मचारी कचरा उठाने के काम में लगे हैं। इनमें 40 कर्मचारी प्लेसमेंट एजेंसी के जरिए लगाए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग में कचरा ढोने के लिए भी ट्रैक्टर-ट्रॉली किराए पर लगे हैं। इस व्यवस्था पर हर महीने लाखों रुपए खर्च हो रहे हैं। प्रति फेरी के हिसाब से रेट तय करते हुए ठेेकेदार को भुगतान करने से खर्च कम होगा।
ये भी हुए निर्णय
- निगम के कुएं पर लगे बिजली कनेक्शन से बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
- डस्टबिन रखने वाले शहर के होटल, चाट ठेला वालों के विरुद्ध होगी चालानी कार्रवाई होगी।
- विधिएवं स्वास्थ्य विभाग में लिपिकीय स्टाफ की व्यवस्था होगी।
- वार्डोंमें समान अनुपात में सफाई कर्मी रखे जाएंगे।
नाले की फर्सी निकालकर भूल गए, हादसे का डर : महापौर ने कहा कि सफाईकर्मी कई बार नालियों से कचरा निकालकर उसे हफ्तों तक उठाने नहीं जाते। इसी तरह नाले-नालियां खुल छोड़ देते हैं। ताजा उदाहरण प्रसूतिका गृह के पीछे वाले इलाके का है। यहां नाली की फर्सी दो-तीन दिन से निकली पड़ी है। लोगों को आने-जाने में दिक्कत हो रही है। हादसे का भी डर बना हुआ है। उन्होंने तत्काल नाले का निर्माण सफाई कार्य कराकर उसे ढंकने को कहा।