एमपी ऑनलाइन में ज्यादा आय बता दी, नहीं मिला बजीफा
सर मैं डॉ. हरीसिंह गौर महाविद्यालय लक्ष्मीपुरा में बीकॉम थर्ड ईयर का छात्र हूं। एमपी ऑनलाइन वालों की लापरवाही के कारण मैं स्कॉलरशिप से वंचित रह गया। मेरा आय प्रमाण-पत्र 40 हजार रुपए सालाना का है, जबकि एमपी ऑनलाइन में मेरी सालाना आय 90 हजार रुपए दशाई जा रही है। डेढ़ माह पहले मैंने इसकी शिकायत सीएम हेल्पलाइन पर भी की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। यह शिकायत चकराघाट निवासी ज्योतिष सोनी ने जनसुनवाई में कलेक्टर विकास नरवाल से मंगलवार को की। ऐसे ही कलेक्टर ने 182 आवेदकों की शिकायतें यहां सुनीं। जनसुनवाई तय समय से दोपहर करीब 2.45 तक चली। समस्याओं को निपटाने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। इस दौरान उन्होंने सीईओ जिला पंचायत और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
कृषि भूमि में फैक्ट्री हो रही संचालित, कृषक परेशान : रजौआ निवासी देवेन्द्र पाराशर ने आवेदन दिया कि शासन द्वारा औद्योगिक क्षेत्र चना टोरिया सिदगुवां है, लेकिन विसंगतियों को कारण मध्यभारत फैक्ट्री कृषि भूमि रजौआ में संचालित है जिससे कृषक परेशान हैं। आवेदक ने मध्यभारत फैक्ट्री का अवलोकन कर गंभीरतापूर्वक निर्णय लेने का अनुरोध किया है ।
पेंशन, बीमा और मुआवजा की मांग : ग्राम पंचायत के सरपंच चंद्रभान पटेल ने आवेदन दिया कि इनके गांव के वृद्धों को दी जाने वाली पेंशन नहीं मिल रही है। बैंक वाले परेशान करते है। श्रीराम पिता बलराम कुर्मी ने रहली के ग्राम जूना में हाई स्कूल खोलने की मांग की। वहीं रहली के खिरिया गांव निवासी दीपरानी ने अावेदन दिया कि मेरे पति शासकीय स्कूल में कार्यरत थे। इनकी ड्यूटी पंचायत चुनाव के तृतीय चरण में 21 फरवरी 2015 को लगाई गई थी। इसी दौरान इनकी मौत हो गई थी। जिसका चुनाव बीमा अभी तक प्राप्त नहीं हुआ है। तहसील खुरई के अंतर्गत ग्राम मढ़ना, टेमा ढाना, तेतरी के कृषकों ने अधिग्रहित की गई भूमि का मुआवजा दिलाने की मांग की। देवरी शासकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के सामने अतिक्रमण करने वालों की शिकायत स्थानीय नागरिकों ने की।
दोनों बच्चों को नहीं दिखता, डॉक्टर कहते है चैन्नई में दिखाओ
सदर निवासी मु. साबिर ने अावेदन दिया कि मेरी 10 साल की लड़की और 3 साल के लड़के को दिखता नहीं है। मैं इनका इलाज कई जगह करवा चुका हूं। लड़की का तो विकलांग प्रमाण-पत्र है, लेकिन लड़के का विकलांग प्रमाण-पत्र नहीं बनाया जा रहा है। डॉक्टरों ने बच्चों का चैकअप चेन्नई में कराने को कहा है। इसके लिए मुझे आर्थिक सहायता की आवश्यकता है। उधर बाघराज वार्ड में रहने वाले अनिल पवार ने आवेदन दिया कि मेरे बच्चे का जाति प्रमाण पत्र नहीं बन पा रहा है। जबकि मेरा व मेरे पिता का जाति प्रमाण-पत्र बना हुआ है। इसी तरह ग्राम बम्हौरी बीका के ग्रामवािसयों ने अावेदन दिया कि हमें ओलावृष्टि की बीमा राशि आज दिनांक तक नहीं मिली है। हमने बीमा की किश्त सही समय पर भरी थी। आवेदन देने वालों में गोविंद सिंह, भरत सिंह, राजू सिंह, रामजी, अमरा सिंह, महेन्द्र आदि मौजूद थे। डीजे एसोसिएशन के प्रदीप वाल्मीकि, दिनेश दक्ष, अखिलेश मौर्य आदि ने शादी विवाह में स्पीकर बजाने के संबंध में आवेदन दिया।