छात्र से दो हजार रुपए की घूस लेते हुए कॉलेज का चपरासी रंगे हाथों पकड़ाया
पीड़ित 5 सौ रुपए पहले दे चुका था, जिसकी टेप रिकार्डिंग भी की गई थी
भास्कर संवाददाता | टीकमगढ़
सागर से आई लोकायुक्त टीम ने मंगलवार को शासकीय पीजी काॅलेज के चपरासी को दो हजार रुपए की रिश्वत लेते रंग हाथों पकड़ा। लोकायुक्त की कार्रवाई से कॉलज में हड़कंप की स्थिति बन गई। उन्होंने छात्र से आवास सहायक योजना में लाभ दिलाने के एवज में ढ़ाई हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी। इसमें दो हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए चपरासी रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।
कॉलेज में बीकॉम तृतीय सेमेस्टर में पढ़ाई कर रहे बल्देवगढ़ तहसील के मलगुवां गांव निवासी शंकरदयाल पिता हरजू अहिरवाल ने माेबाइल के माध्यम से लोकायुक्त पुलिस सागर से शिकायत की थी, कि कॉलेज में पदस्थ चपरासी शंकरलाल अहिरवाल द्वारा आवास सहायक योजना के तहत आवेदन जमा करने के एवज में ढ़ाई हजार रुपए की मांग की जा रही है। इसमें छात्र पांच सौ रुपए चपरासी को 156 दिन पहले दे चुका था, जिसकी भी टेप रिकार्डिंग की गई थी। इस शिकायत के बाद लोकायुक्त पुलिस ने छात्र को सागर बुलाया और मामले में जानकारी ली।
पहले बातचीत की गई थी रिकार्ड
लोकायुक्त पुलिस सागर ने छात्र शिवदयाल को सागर बुलाकर एक टेप रिकार्डर दिया और छात्र के साथ में सागर से पुलिस भी आई हुई थी, लेकिन कॉलेज के चपरासी ने इस ओर जरा भी ध्यान नहीं दिया और आवेदन के एवज में पैसों की मांग की, जिससे चपरासी द्वारा की हुई पैसों की मांग की बातचीत टेप हो गई आैर बाद में पुलिस छात्र को सागर ले गई। इसके बाद मंगलवार को लोकायुक्त सागर की टीम सहित छात्र उनके साथ आया और 12.15 पर कॉलेज के चपरासी को छात्र ने दो हजार रुपए पकड़ा दिए।
कॉलेज का चपरासी।