देवरी कॉलेज ने बंडा को 63 रनों से हराया
डॉ.हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा विभाग के तत्वावधान में विश्वविद्यालय मैदान पर जिला स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ शुक्रवार को कुलपति प्रो. एसपी व्यास ने किया।
प्रतियोगिता का पहला मुकाबला बीटीआईआरटी एवं राहतगढ़ कॉलेज के बीच खेला गया। इसमें पहले बल्लेबाजी करते हुए बीटी की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 164 रन बनाए। आकाश लिटौरिया ने सर्वाधिक 48 रन बनाए। राहतगढ़ के लिए अजय यादव ने 2 विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी राहतगढ़ की टीम 16 ओवरों में मात्र 62 रनों पर सिमट गई अभिषेक राय ने 20 रन बनाए। बीटी के लिए प्रमोद यादव ने 4 विकेट लिए। मुकाबला बीटीआईआरटी ने 102 रन से जीता। दिन के दूसरे मुकाबले में देवरी कॉलेज ने बंडा को 63 रनों से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए देवरी ने 166 रन बनाए। टीम के लिए फतेह खान ने नाबाद 54 रनों की पारी खेली। बंडा के लिए विजय मिश्र एवं राव राजा लोधी ने 2-2 विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए बंडा की टीम 103 रनों पर सिमट गई। टीम के लिए शैलेंद्र पटेल ने 33 रनों की पारी खेली। देवरी के लिए गजेंद्र चढ़ार ने 4 विकेट लिए। अंपायर पुष्पेंद्र प्रताप सिंह एवं सचिन तिवारी रहे। स्कोरर सत्यम त्रिपाठी थे। प्रतियोगिता के संगठन सचिव विनय शुक्ला ने बताया कि शनिवार को गढ़ाकोटा और खुरई कॉलेज एवं ज्ञानवीर और बीना कॉलेज के बीच मुकाबले होंगे। संचालन महेंद्र बाथम ने किया।
इस मौके पर विभाग के निदेशक डॉ. एसएच आदिल, प्रो. एसके गुप्ता, प्रो. आरके त्रिवेदी, उपकुलसचिव संतोष सोहगौरा, सुधीर तिवारी, अनवर खान, सुभाष हार्डीकर, राजू टंडन, भरत साहू मौजूद थे।
सागर . जिला स्तरीय किक्रेट प्रतियोगिता के दौरान शॉट लगाने का प्रयास करता खिलाड़ी।