संविदाकर्मियों ने रक्तदान कर खत्म की हड़ताल
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग से जुड़ी मनरेगा और अन्य पांच योजनाओं के संविदा अधिकारी-कर्मचारी एवं रोजगार सहायकों ने अपनी 7 दिनी हड़ताल के आखिरी दिन रविवार को धरना स्थल पर रक्त दान किया। दान से एकत्र 20 यूनिट रक्त रेडक्रास सोसाइटी को सौंपा गया। संविदा अधिकारी, कर्मचारी और रोजगार सहायक नियमित करने समेत अपनी तीन मांगाें को लेकर 8 फरवरी से पीली कोठी के पास धरना दे रहे थे। रविवार दोपहर बाद पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री गोपाल भार्गव धरना स्थल पर पहुंचे। जहां जिला संविदा संयोजक मंडल ने उनके सामने अपनी तीनों मांगें रखीं। संयोजक मण्डल ने शिकायती तेवर में मंत्री को बताया कि हम लोग सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए रात दिन एक करते हैं। इसके बावजूद हमारी नौकरी सुरक्षित नहीं है और न तो महंगाई के इस दौर में कम वेतन में परिवार चलता है।
मांगे तो जायज हैं पूरी होंगी, धैर्य रखें : पंचायत मंत्री भार्गव ने कहा मांगे जायज हैं। आप लोग काम की चिंता करें, नौकरी की नहीं। उन्होंने संविदा नीति-2015 को लेकर आश्वस्त किया और कहा आप जिस तरह का संशोधन चाहते है। वही होगा। आप लोग विश्वास रखें, आपकी मांगो पर सहानुभूति से विचार होगा। इसके लिए आप सभी को धैर्य रखना होगा। सरकार को आपकी चिंता है। मुझे भी यह बात कहने में कोई गुरेज नहीं है कि महंगाई के मौजूदा दौर में 5000 रुपए वेतन वाले कर्मचारी कैसे गुजारा करते होंगे।
पंचायत एवं विकास मंत्री ने कहा वेतन बढ़ाने की बात 23 फरवरी को बजट सत्र शुरू होने के पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह और वित्त मंत्री जयंत मलैया के समक्ष रखूंगा। मंत्री ने कहा आपको यह बताना चाहूंगा कि पिछले दिनों ग्रामीण विभाग की जो भी योजनाएं बंद हुई थी। उनसे जुड़े कर्मचारियों की नवीन योजनाओं में पदस्थापना की गई है। कोई बेरोजगार नहीं है। मेरे रहते कोई भी कर्मचारी अपने आपको असुरक्षित न महसूस करें।
जो काम पिछड़े है उन्हें
हफ्ते भर में पूर्ण करेंगे
संयोजक मंडल के सदस्य उदय गौतम ने ग्रामीण विकास मंत्री को अपने साथियों को आश्वस्त किया है कि हड़ताल से पिछले 7 दिनों में मनरेगा, स्वच्छ भारत मिशन, वाटर शेड मिशन आदि के जो भी काम पिछड़ गए हैं। अतिरिक्त समय देकर हफ्ते भर में पूरा करेंगे। धरना स्थल पर संयोजक प्रद्युम्न छिरौलिया, रामराज दुबे, प्रशांत, दयाराम विश्वकर्मा, लाखन ठाकुर, पवन साहू, रीतेश जैन, अमित सेठिया, गजेंद्र सिंह राजपूत, श्रीमती सुषमा रजक, अनामिका शर्मा, सिमी समाधिया, रूपाली ठाकुर, शिखा साहू, सतीष चौबे समेत सैकड़ों रोजगार सहायक मौजूद थे।
इन्होंने किया रक्तदान
उदय गौतम, आरपी राय, संदीप अमरोदिया, विनय कुमार, रविन्द्र सिंह, राजू कोरी, उत्कर्ष राजा, मुकेश कुर्मी, सुरेन्द्र, अश्विनी कुर्मी, अमित दुबे, तेज सिंह, ज्ञान सिंह, आशीष कोष्ठी, राधे पटैरिया ने रक्तदान किया। जिला पंचायत में कार्यरत महिला कर्मचारियों के पति भी रक्तदान के समय पंडाल में मौजूद थे।
सागर. संविदा पंचायत कर्मचारियों ने धरना स्थल पर ही रक्तदान किया।