जिला अस्पताल चलाएगा नगर निगम का रैनबसेरा
जिला अस्पताल में मौजूद नगर निगम का रैनबसेरा जिला अस्पताल को सौंपा जाएगा। इसका मेंटेनेंस भी रोगी कल्याण समिति मद से किया जाएगा। इसके जरिए लोगों को और बेहतर सेवाएं देने के नजरिए से यह निर्णय लिया गया है। रविवार को सुबह करीब 10 बजे अचानक कलेक्टर विकास नरवाल जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने अस्पताल के सभी विभागों का एक के बाद एक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नगर निगम के रैनबसेरा को जिला अस्पताल के हैंडओवर करने का प्रस्ताव बनाने के निर्देश दिए। सिविल सर्जन डॉ. इंद्राज सिंह ठाकुर ने बताया कि रैनबसेरा अस्पताल के पास अाने के बाद यहां रुकने वाले लोगों के लिए शौचालय और नहाने की व्यवस्था भी की जाएगी। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अस्पताल के कायाकल्प के लिए किए जा रहे विकास के काम में तेजी लाने को कहा है। उन्होंने अस्पताल के जीर्णोद्धार के लिए जनभागीदारी से राशि जुटाने को कहा। साथ ही शासन के योजना मंडल से भी इसके लिए राशि दिलाने की बात कही।
कॉम्पलेक्स की खाली दुकानों में रोटरी क्लब चलाएगा धर्मशाला : निरीक्षण के दौरान डॉक्टरों ने कलेक्टर को परिसर में बने जिला अस्पताल के कॉम्पलेक्स में खाली पड़ी दुकानों में असामाजिक तत्वों के सक्रिय रहने की समस्या बताई। साथ ही समस्या हल कराने की मांग की। इस पर कलेक्टर ने खाली दुकानें किराए पर नहीं जाने के स्थिति में इन्हें रोटरी क्लब को सौंपने के कहा। उन्होंने इस संबंध में क्लब के पदाधिकारियों से चर्चा कर यहां सार्वजनिक धर्मशाला खोलने की बात कही। कलेक्टर के अनुसार रैनबसेरा में जगह नहीं होने की स्थिति में क्लब अस्पताल आने वाले मरीजों को कम से कम खर्च पर रुकने की सुविधा मुहैया कराएगा।
निर्माण कार्यों को मंजूरी देने बनेगी कमेटी : डॉ. सिंह ने बताया कि कलेक्टर ने कामों में पारदर्शिता और तेजी लाने के लिए एक कमेटी बनाने के निर्देश दिए हैं। यह कमेटी निर्माण कार्यों को भी मंजूरी देगी। कमेटी में सिविल सर्जन के अलावा अस्पताल के डॉक्टर, एनजीओ के पदाधिकारी, पीडब्ल्यूडी विभाग के अफसरों सहित करीब 8 से 10 सदस्य होंगे।
सागर. जिला अस्पताल परिसर में बना रैन बसेरा।