प्रशिक्षण: स्वच्छ भारत मिशन से जुडे़ प्रेरकों को काम करने के तरीके बताए
स्वच्छ भारत मिशन से जुड़े प्रेरकों का पांच दिनी प्रशिक्षण रविवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में संपन्न हुआ। इस मौके पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष तृप्ति बाबू सिंह ने प्रेरकों से कहा कि आप अपना काम पूरी ईमानदारी से करेंगे तो सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे। इसके लिए आपको ही ग्रामीण अंचल के लोगों की खुले में शौच जाने की आदत में बदलाव लाना होगा। इसके साथ ही ग्रामीणों को शौचालय बनवाने के लिए सहमत करना पड़ेगा। जिला पंचायत सीईओ राजीव रंजन मीणा ने प्रेरकों को बताया कोई भी काम कठिन नहीं है। आप अपने गांव और पंचायत में काम करेंगे तो बेहतर नतीजे सामने आएंगे। काम कैसे और कब करना है। इस बारे में स्वच्छ भारत मिशन के ट्रेनर्स ने आपको लगातार पांच दिन तक जानकारी दी है। प्रेरकों से भी गांवों में शौचालय निर्माण के लिए किए जाने वाले नए तरह के कार्यों के संबंध में सुझाव भी लिए गए। कई प्रेरकों ने कुछ रोचक तरीके भी यहां बताए। समापन कार्यक्रम में श्रीमती जानकी समेत कई महिला सरपंच, सचिव उपस्थित थीं।