- Hindi News
- विवि छात्रों के लिए मेडिकल कॉलेज में 3 बिस्तर का बेडरूम उपलब्ध कराएं
विवि छात्रों के लिए मेडिकल कॉलेज में 3 बिस्तर का बेडरूम उपलब्ध कराएं
डॉ.हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एसपी व्यास ने बुधवार को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में कुलपति ने बीएमसी के अफसरों से कहा कि हमारे विद्यार्थियों के लिए तीन बिस्तर वाला बेडरूम मेडिकल कॉलेज में उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कॉलेज के विशेषज्ञ डॉक्टरों की समय-समय पर सेवाएं विश्वविद्यालय के स्वास्थ्य केंद्र में मुहैया कराने के लिए रोस्टर बनाने को भी कहा। कम्युनिटी मेडिसिन विभाग के मेडिकल छात्रों के इंटर्न छात्रों के प्रशिक्षण के लिए विश्वविद्यालय अस्पताल केंद्र को शहरी-ग्रामीण स्वास्थ्य एवं प्रशिक्षण केंद्र के रूप में सम्बद्ध किया जाए। इसमें वाहन सुविधा विश्वविद्यालय द्वारा दी जाएगी। इन प्रस्तावों पर मेडिकल कॉलेज के अफसरों ने त्वरित कार्यवाही का आश्वासन दिया। बैठक में कुलसचिव अनूप केशवदेव पुजारी, विश्वविद्यालय अस्पताल के अफसर मौजूद थे।
गौरसाहब के साहित्य का हिंदी विभाग करे अनुवाद : कुलपतिने हिंदी विभाग का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने डीन प्रो. एपी त्रिपाठी, विभागाध्यक्ष प्रो. चंदा बेन एवं शिक्षकों से बात की। कुलपति ने कहा कि गौर साहब द्वारा स्वयं लिखे हुए अंग्रेजी भाषा के साहित्य का हिंदी विभाग अनुवाद करके प्रचारित-प्रसारित करे। इससे नई पीढ़ी लाभांवित होगी, इसके लिए जो भी सहयोग होगा विश्वविद्यालय द्वारा दिया जाएगा। बैठक में उन्होंने गांधी जयंती पर कार्यक्रम की रूपरेखा तय की एवं गौर जयंती पर भी क्या कार्यक्रम हो इस पर राय मांगी। कर्मचारी संघ के अध्यक्ष संदीप वाल्मीकि ने कहा कि गौर साहब को पाठ्यक्रम में किसी चैप्टर के रूप में शामिल किया जाए, इस पर कुलपति ने कहा शामिल करने की पूरी कोशिश हम करेंगे।