पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • प्रो. एसपी व्यास सागर विवि के नए कुलपति

प्रो. एसपी व्यास सागर विवि के नए कुलपति

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
सागर। एक अप्रत्याशित घटनाक्रम के तहत डॉ. हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर आरएस कसाना को हटाकर फार्मेसी विभाग के प्रोफेसर एसपी व्यास को नया कुलपति बना दिया गया है। वह रेग्युलर कुलपति आने तक इस पद पर बने रहेंगे। प्रो. कसाना की जगह प्रो. व्यास को नया कुलपति नियुक्त करने का आदेश मंगलवार को एचआरडी के डिप्टी सेक्रेटरी ने विश्वविद्यालय के कुलसचिव अनूप केशवदेव पुजारी को फैक्स से भेजा। कुलसचिव ने इसकी पुष्टि की है। प्रो. कसाना 10 अक्टूबर को सेवानिवृत्त होने वाले हैं, लेकिन रिटायरमेंट से ठीक 25 दिन पहले उन्हें कुलपति पद छोड़ना पड़ा।

विश्वविद्यालयसे मिली जानकारी के मुताबिक फैक्स के जरिए आए पत्र में लिखा है कि भारत के राष्ट्रपति जो डॉ. हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय के विजिटर भी हैं, उन्होंने वर्तमान कुलपति प्रो. आरएस कसाना से कहा है कि वह तत्काल प्रभाव से अपना चार्ज विश्वविद्यालय के अगले सीनियर प्रोफेसर प्रो. एसपी व्यास को सौंपें। पत्र में आगे लिखा है कि विश्वविद्यालय के सुचारु संचालन के लिए प्रो. व्यास रेग्युलर कुलपति की नियुक्ति होने तक कुलपति के कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे। विश्वविद्यालय के मीडिया अधिकारी डॉ. कन्हैया त्रिपाठी ने बताया कि एचआरडी में भारत सरकार के डिप्टी सेक्रेटरी डॉ. रामाकृष्णा राव द्वारा यह पत्र भेजा गया है। केंद्रीय विश्वविद्यालय अधिनियम 2009 के स्टेट्यूट की धारा 2 (7) के तहत प्रो. व्यास को कुलपति बनाया गया है।

दिल्ली पहुंची थी शिकायतें: विश्वविद्यालय के उच्च पदस्थ सूत्रों के मुताबिक 22 असिस्टेंट प्रोफेसर्स की बर्खास्तगी के मामले के बाद प्रो. कसाना के खिलाफ शिकायत दिल्ली पहुंची थी। एचआरडी ने भी एक पत्र भेजकर उन्हें एक्टिंग कुलपति बताते हुए इस बात पर आपत्ति जताई थी कि उन्होंने ज्यादा शक्तियों का प्रयोग किया। कुछ अन्य फैसले भी एचआरडी को उचित नहीं लगे। इसके चलते उन्हें हटा दिया गया। प्रो. कसाना को करीब साढ़े छह माह पहले मार्च 2014 में पूर्व कुलपति प्रो. एनएस गजभिए का कार्यकाल पूरा होने के बाद कुलपति का चार्ज मिला था। माना जा रहा था कि कार्यकाल पूरा होने तक वे पद पर बने रहेंगे।
(प्रो. एसपी व्यास सागर विवि के नए कुलपति।)