कर्मचारी बोले- क्वार्टर खाली पड़े हैं, फिर भी हमें नहीं दे रहे
बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज परिसर में कई क्वार्टर खाली पड़े हैं। प्रबंधन यह क्वार्टर हमें अलॉट नहीं कर रहा है। इस कारण हम लोगों को किराये के मकानों में रहने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। यह शिकायत गुरुवार को बीएमसी में काम कर रहे नर्सिंग स्टाफ ने सांसद लक्ष्मीनारायण यादव और विधायक शैलेंद्र जैन से की। स्टाफ ने क्वार्टर दिलाए जाने की मांग को लेकर सांसद को ज्ञापन भी सौंपा है। ज्ञापन में कहा गया है कि आपातकालीन ड्यूटी में आने वाले नर्सिंग स्टाफ को बीएमसी में काम करते हुए करीब 5 साल हो गए हैं। इसके बाद भी प्रबंधन ने उन्हें आवास अलॉट नहीं किए हैं। कॉलेज में पदस्थ लैब टेक्नीशियन, अटेंडर, क्लर्क, सीनियर रेसीडेंट, जूनियर रेसीडेंट सहित सभी कर्मचारियों काे आवास दिए जा रहे हैं। करीब तीन साल से कॉलेज परिसर में सैकड़ों क्वार्टर खाली पड़े हैं। इसके बाद भी उन्हें आवास नहीं दिए जा रहे हैं। यह नर्सिंग स्टाफ के साथ पक्षपात है। नर्सिंग स्टाफ ने सांसद से खाली पड़े आवास उन्हें अलॉट कराने की मांग की। सांसद और विधायक ने कॉलेज प्रबंधन से इस मामले में जवाब-तलब किया। हालांकि खाली पड़े आवास अलॉट करने के संबंध में ठोस निर्णय नहीं हो सका। मौके पर मौजूद कलेक्टर ने प्रबंधन को डॉक्टरों से बात कर हल निकालने के निर्देश दिए हैं।
Ãनर्सिंग स्टाफ के लिए अलग से टाउनशिप बनाई जा रही है। हाउसिंग बोर्ड निर्माण में देरी लगा रहा है। इस कारण मेल नर्स को आवास नहीं मिल पा रहे हैं। कॉलेज में सीनियर और जूनियर रेसीडेंट डॉक्टर आना शुरू हो गए हैं। उन्हें यह आवास दिए जा रहे हैं। ऐसे में नर्सिंग स्टाफ को यह आवास कैसे दिए जा सकते हैं। - डॉ. आरएस वर्मा, अस्पताल अधीक्षक, बीएमसी
Ãकॉलेज परिसर में जाे क्वार्टर खाली पड़े हैं वे डॉक्टर स्टाफ के लिए हैं। अभी डॉक्टर वहां नहीं रह रहे इसलिए खाली पड़े हैं। डॉक्टरों के आने के बाद सारे क्वार्टर भर जाएंगे। ऐसे में नर्सिंग स्टाफ को आवास नहीं दिए जा सकते। - डॉ. जेएन सोनी, डीन, बीएमसी सागर
आवास से वंचित है 70 लोगों का नर्सिंग स्टाफ
बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में ऐसे करीब 70 मेल नर्स हैं, जिन्हें आवास अलॉट नहीं किए गए हैं। यह स्टाफ कॉलेज के आसपास के इलाके में भारी भरकम किराये पर मकान लेकर रह रहे हैं। स्टाफ कई मर्तबा डीन तथा अस्पताल अधीक्षक से आवास आवंटित करने की मांग कर चुका है।
नए क्वार्टर बनेंगे तो आपको मिलेंगे : ज्ञापन सौंपने के बाद जब मेल नर्सों ने सांसद से इस संबंध में पूछा तो उनका कहना था कि आपकी समस्या को लेकर सभी सचेत हैं। जिनके लिए आवास बनवाए गए हैं पहले उनसे बात हो जाए। इसके बाद यदि खाली बचते हैं तो आपको क्वार्टर दिए जाएंगे। यदि नहीं बचे तो आपके लिए अलग से आवास बनाए जा रहे हैं। वे बन जाएंगे तो आपकाे भी मिल जाएंगे।
सागर . बीएमसी में सांसद को ज्ञापन सौंपते मेल नर्सिंग स्टाफ।