- Hindi News
- सागर शहर ने जीती संभागीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता
सागर शहर ने जीती संभागीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता
बीना। आरपीएफ ग्रांऊड में चल रहे संभागीय स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट के समापन पर क्रिकेट मैच का दृश्य।
कार्यालय संवाददाता | बीना
तीनदिवसीय संभागीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मैच सागर नगर ने जिले की टीम को हराकर जीत लिया। फाइनल मैच में सागर नगर के गेंदबाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए मैच एकतरफा कर दिया था। फाइनल मैच में सागर नगर एवं जिले की टीम के बीच 12-12 ओवरों का मैच खेला गया। टॉस जीतकर सागर जिले की टीम 9.5 ओवरों में 33 रन ही बना सकी। सागर नगर की ओर से सौरभ ठाकुर ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए चार विकेट लिए। यह सभी विकेट लगातार लेकर हैट्रिक भी बनाई। सागर जिले की ओर से वरुण मिश्रा ने 14 रन बनाकर पारी को संभालने की कोशिश की। स्कोर का पीछा करने उतरी सागर नगर की टीम ने धमाकेदार बल्लेबाजी की। मात्र 6.2 ओवर में तीन विकेट खोकर लक्ष्य को हासिल करते हुए मैच जीत लिया। गेंदबाजी करते हुए वरुण मिश्रा ने तीन विकेट लिए। इसके पहले मंगलवार को सागर नगर एवं पन्ना के बीच पहला सेमीफाइनल हुआ। जिसमें सागर नगर के खिलाड़ियों ने निर्धारित 8 ओवरों में 5 विकेट खोकर 65 रनों का लक्ष्य दिया। जिसका पीछा करने उतरी पन्ना की टीम 40 रन ही बना सकी। दूसरे सेमीफाइनल मैच में सागर जिला ने दमोह को हराया।
खेलअब केवल मनोरंजन नहीं : फाइनलमैच के बाद खिलाड़ियों, विजेता टीमों को विधायक महेश राय, बीओआरएल के सीनियर एचआर मैनेजर केपी मिश्रा, स्टेशन प्रबंधक महेंद्र सिंह ने पुरस्कार बांटे। इस अवसर पर विधायक ने कहा कि खेल अब मनोरंजन का साधन मात्र नहीं है बल्कि अब कैरियर भी बन गया है। केपी मिश्रा ने कहा कि गली-गली का क्रिकेट अब चकाचौंध भरी दुनिया में शामिल हुआ है। आप सब भी इस मैदान से अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बना सकते हैं। समापन समारोह में एक्सीलेंस स्कूल की छात्राओं ने स्वागत गीत, नाभिनंदन दिगंबर जैन स्कूल की छात्राओं ने नृत्य प्रस्तुत किया।