ज्वाइंट खुला, दो वार्ड की पानी सप्लाई प्रभावित
सागर | काकागंज मुक्तिधाम के पास बिछाई गई नई पाइप लाइन का ज्वाइंट बार-बार खुल रहा है। इससे काकागंज-पंतनगर वार्ड के लोगों को पीने का पानी नहीं मिल पा रहा है। शनिवार को भी वार्ड में पानी की सप्लाई नहीं हो सकी। यहां एक सप्ताह से पाइप लाइन शिफ्ट करने का काम चल रहा है। पहले पाइप लाइन सीधी डली हुई थी, लेकिन इसे सुलभ कॉम्पलेक्स व मुक्तिधाम की बाउंड्रीवाल के बाहर से बिछाए जाने के कारण कई जगह ज्वाइंट लगाए गए हैं। पानी का प्रेशर बढ़ने पर ज्वाइंट खुल जाते हैं। एई पूरनलाल अहिरवार का कहना है कि रविवार को फिर से ज्वाइंट जोड़कर पानी सप्लाई किया जाएगा।