पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • कुलपति से दुर्व्यवहार के खिलाफ बंद रहा विक्रम विश्वविद्यालय, 6 गिरफ्तार

कुलपति से दुर्व्यवहार के खिलाफ बंद रहा विक्रम विश्वविद्यालय, 6 गिरफ्तार

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
उज्जैन। विक्रम विश्वविद्यालय में तोड़फोड़ आैर कुलपति प्रो. जवाहरलाल कौल के साथ अभद्रता के खिलाफ मंगलवार को समूचा विश्वविद्यालय बंद रहा। विवि के प्रोफेसर्स कर्मचारियों ने दिनभर काम बंद कर आईजी आैर संभागायुक्त कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन देकर अपना विरोध दर्ज कराया। आईसीयू में भर्ती प्रो. कौल की मंगलवार सुबह अस्पताल से छुट्टी हो गई। प्रो. कौल ने सभी प्रोफेसर्स कर्मचारियों से बुधवार से काम पर लौटने की अपील की है। मामले में पुलिस ने तोड़फोड़ अभद्रता करने वाले 6 लोगों की शिनाख्त कर दो को गिरफ्तार कर लिया है।
इधर एनएसयूआई ने जिलेभर के कॉलेजों में बुधवार को बंद का आह्वान किया है। घटना के विरोध में बुधवार सुबह 11 से दोपहर 1 बजे तक देवासगेट चौराहे पर युवा कांग्रेस एनएसयूआई धरना देगी। इसे शहर कांग्रेस ने भी समर्थन दिया है।
बजरंग दल आैर विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने कश्मीरी छात्रों के समर्थन में कुलपति प्रो. कौल के बयान का विरोध करते हुए सोमवार शाम कुलपति कार्यालय सहित विश्वविद्यालय में जमकर तोड़फोड़ की थी। इस दौरान हंगामाइयों ने प्रो. कौल पर भी सामान फेंकने की कोशिश की। जिससे प्रो. कौल की तबीयत बिगड़ गई थी आैर उन्हें आईसीयू में भर्ती करना पड़ा था। मंगलवार सुबह करीब 9.30 बजे उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। घटना के विरोध में मंगलवार को पूरा विश्वविद्यालय बंद रहा। इस दौरान अध्ययनशालाओं में कक्षाएं भी नहीं लगाई गईं। प्रोफेसर्स कर्मचारियों ने विश्वविद्यालय में काम बंद कर नारेबाजी की आैर रैली के रूप में दोपहर को आईजी एवं संभागायुक्त कार्यालय पहुंचकर अपना विरोध दर्ज कराया। प्रोफेसर्स ने एडीएम अवधेश शर्मा को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नाम ज्ञापन सौंपा।

देवास रोड के समीप कुलपति निवास पर सभी एकत्रित होकर कुलपति प्रो. कौल से मिलने पहुंचे। जहां प्रो. कौल ने सभी से बुधवार से काम पर लौटने की अपील की। राजभवन उच्च शिक्षा विभाग के अाला अधिकारियों सहित उच्च शिक्षा मंत्री उमाशंकर गुप्ता ने भी फोन पर प्रो. कौल से चर्चा कर घटना की जानकारी ली। बुधवार को एनएसयूआई ने जिले के सभी कॉलेजों में बंद की अपील की है। इस दौरान स्कूल बंद से मुक्त रहेंगे।

कांग्रेस भी विरोध में आई, नेता प्रतिपक्ष कटारे मिलने पहुंचे : पूरी घटना को लेकर कांग्रेस भी मंगलवार को विरोध में उतर आई। नेता प्रतिपक्ष सत्यदेव कटारे के अलावा पूर्व सांसद प्रेमचंद गुड्डू, वरिष्ठ नेता मनोहर बैरागी, जीतू पटवारी, शहर कांग्रेस अध्यक्ष अनंतनारायण मीणा, जिला अध्यक्ष जयसिंह दरबार सहित कई कांग्रेसियों ने कुलपति निवास पहुंचकर प्रो. कौल से भेंट की। इस दौरान कांग्रेसियों ने घटना की निंदा कर दोषियों पर कार्रवाई के लिए प्रदेश स्तर पर आंदोलन करने की बात भी कही। दोपहर में युवा कांग्रेस ने पुलिस कंट्रोल रूम का घेराव किया। कांग्रेस भवन पर भी कांग्रेसियों ने मुख्यमंत्री चौहान का पुतला फूंका।
प्रोफेसर्स-कर्मचारियों ने काम बंद कर किया विरोध, आज एनएसयूआई का जिलेभर में कॉलेज बंद का आहृान

(नारेबाजी कर विरोध दर्ज कराते प्रोफेसर्स कर्मचारी।)