उज्जैन। मावठे की बारिश के बाद ठंडी हवा ने पूरे शहर को ठिठुरा दिया है। शनिवार को भी बादल
छाए रहे। इससे लोग दिन में भी गर्म कपड़े पहनने को मजबूर हो गए। दिन में तापमान बीते 24 घंटों में 2.8 डिग्री लुढ़क कर 25.0 डिग्री सेल्सियस हो गया। दोपहर करीब 3 बजे फ्रीगंज, नागझिरी, इंदौर रोड सहित कई इलाकों में हल्की बारिश भी हुई। बीते दो दिनों में शहर में 18 मिमी (0.72 इंच) बारिश हुई। दिसंबर में मावठे की बारिश ने बीते 4 सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया। बारिश ने किसानों को भी राहत दी लेकिन इधर ईंट भट्टा संचालकों पर कहर टूटा है। रवि प्रजापत ने बताया कच्ची ईंटे खराब हो जाने से लाखों का नुकसान हुआ।
बीते सालों में दिसंबर में
कब कितना मावठा गिरा
दिन आैर वर्ष बारिश
31 दिसंबर 2013 11
2012 0
2011 0
2 दिसंबर 2010 13
17 व 18 दिसंबर 2009 22 व 8
(बारिश के आंकड़ेमिली मीटर में वेधशाला से मिली जानकारी के अनुसार)
सेंटपाल स्कूल में समय बदला, विभाग ने अब तक नहीं भेजा प्रस्ताव :
बारिश के बाद ठंड का असर बढ़ने से सेंटपाल सहित कई स्कूल प्रबंधनों ने सोमवार से कक्षाओं
का समय बदल दिया है। मिशनरी स्कूल पीआरओ फादर एंथोनी जोसेफ ने बताया सेंटपाल स्कूल में सोमवार से केजी-2 से 12वी तक की कक्षाएं सुबह 8.30 बजे से लगाई जाएंगी। मक्सी रोड स्थित सेंट थॉमस स्कूल में कक्षाओं का समय पहले ही बदला जा चुका है।
यहां नर्सरी से पहली तक की कक्षाएं सुबह 9.15 बजे से आैर दूसरी से 7वीं तक की कक्षाएं सुबह 8.15 बजे से लगाई जा रही हैं। इधर जिला शिक्षा विभाग की ओर से अब तक स्कूलों का समय बढ़ाने को लेकर प्रस्ताव तैयार नहीं हुआ है। प्रभारी डीईओ रमा नाहटे ने बताया सोमवार को इस संबंध में जिला प्रशासन को प्रस्ताव भेजा जाएगा।
आगे क्या : वेधशाला के मौसम प्रेक्षक दीपक गुप्ता ने बताया उत्तर की ओर से बर्फीली हवा आ
रही हैं। बादलों की स्थिति बनी होने से अगले 24 घंटों में भी हल्की बारिश की संभावना है।
दिनभर छाए रहे बादल, दोपहर को कई इलाकों में हल्की बारिश।
(शुक्रवार को हुई बारिश के बाद शिप्रा तट के आसपास कीचड़ फैल गया है। शनिवार सुबह एक निजी स्कूल की टाटा मैजिक रामघाट आैर नृसिंह घाट के बीच कीचड़ में फंस गई। जिसे निकालने के लिए ड्राइवर ने मैजिक में बैठे स्कूली बच्चों से धक्का लगवाया। इस दौरान अगर वाहन पीछे की ओर लुढ़क जाता तो गंभीर हादसा हो सकता था।)