उज्जैन। जिले की महिदपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक बहादुर सिंह चौहान का कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें वे यह कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि मैंने विधायक रहते हुए करोड़ों रुपए की रिश्वत ली। अपने लिए नहीं बल्कि पार्टी के लिए। यह बयान किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में दिया गया लेकिन कहां और कब, इसका अभी खुलासा नहीं हुआ है। ऑडियो सामने आने के बाद पार्टी स्तर पर गोपनीय जांच भी शुरू हो गई है।
कांग्रेस ने इसे शर्मनाक बताया है। सोशल मीडिया पर यह ऑडियो रिकार्डिंग शुक्रवार रात सामने आई। इसके बाद भाजपाइयों में खलबली मच गई। कुछ कांग्रेसी नेताओं तक भी यह पहुंच गई जिसे उन्होंने दूसरों तक पहुंचा दिया।
महिदपुर में इस ऑडियो को लेकर काफी चर्चा है। ऑडियो में उनकी यह स्वीकारोक्ति कि विधायक रहते उन्होंने पार्टी के लिए करोड़ों रुपए की रिश्वत ली है, भाजपा के लिए परेशानी का कारण बन गई है। संभागीय भाजपा कार्यालय लोकशक्ति भवन में भी इस ऑडियो को लेकर हलचल मची रही। पार्टी के आला पदाधिकारियों ने इसे गंभीरता से लिया है। कांग्रेस प्रदेश कार्यसमिति सदस्य प्रतापसिंह गुर ने चौहान के ऑडियो को लेकर प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है और विधायक चौहान पर कार्रवाई की मांग की है।
इध रभाजपा जिला अध्यक्ष श्याम बंसल ने कहा कि पार्टी कभी जनप्रतिनिधियों के माध्यम से धन संग्रह नहीं करती। पार्टी में इसके लिए पारदर्शी व्यवस्था लागू है।
चौहान के पास कोई सफाई नहीं : भास्कर ने जब विधायक बहादुरसिंह चौहान से उनके
मोबाइल पर बात की तो उन्होंने कहा मुझे इसकी जानकारी नहीं है। बात खत्म करते-करते वे फिर बोले हम ऐसी बातों का टेंशन भी नहीं करते।
तीन बार चुनाव लड़े, दो बार विधायक : चौहान पहली बार महिदपुर विधानसभा क्षेत्र से ही वर्ष 2003 में विधायक बने। 2008 में दूसरा चुनाव वे हार गए। 2013 में फिर विधायक चुने गए।
महिदपुर के भाजपा विधायक बहादुर सिंह चौहान का कथित ऑडियो सोशल मीडिया में आने के बाद पार्टी में खलबली ।