उज्जैन। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तहत जिला जनपद पंचायतों के वार्डों की दूसरे चरण की मतगणना रविवार को इंजीनियरिंग कॉलेज में हुई। 22 फरवरी को तीसरे चरण की मतगणना के बाद परिणामों की अधिकृत घोषणा 27 फरवरी को होगी। मतगणना के दौरान मौजूद समर्थकों ने इवीएम मशीन से प्राप्त मतदान के आंकड़ों के आधार पर प्रत्याशियों के जीत के दावे किए हैं।
गौरतलब है कि दूसरे चरण में उज्जैन बड़नगर विकासखंड के 5 फरवरी को मतदान हुए थे। जनपद पंचायत के 25 वार्ड एवं जिला पंचायत के 3 वार्डों की मतगणना रविवार को इंजीनियरिंग कॉलेज में हुई। तीसरे चरण की मतगणना 22 फरवरी को होगी। स्थानीय पर्यवेक्षक एमपी तिवारी के मुताबिक तीनों चरणों की मतगणना के बाद 27 फरवरी को अधिकृत रूप से प्रत्याशियों की जीत की घोषणा की जाएगी।
मतगणना के बाद सभी समर्थक अपने प्रत्याशी के जीत के दावे करते नजर आए। जीत की अधिकृत घोषणा के बाद ही विजयी प्रत्याशी की घोषणा की जाएगी।
इनकी जीत की चर्चा: मतदान के बाद सभी प्रत्याशियों के समर्थकों ने मतों के आंकड़ों के आधार पर जीत के दावे किए। जिसमें उज्जैन विकासखंड के 1 नंबर वार्ड से करण सिंह कुमारिया, वार्ड 2 से वर्षा गजराज झाला एवं वार्ड 3 से मंजू संजय वर्मा के जीत की चर्चा रही।
आज पंच-सरपंच के निर्णय: उज्जैन विकासखंड की 76 ग्राम पंचायतों एवं पंच सरपंच के विजयी प्रत्याशियों की घोषणा जनपद कार्यालय में सोमवार को होगी।