फोटोग्राफर के घर से छह लाख के गहने चोरी
भासं. उज्जैन। दानीगेटमें शनिवार-रविवार की रात फोटोग्राफर के सूने मकान को अज्ञात बदमाशों ने निशाना बनाया। चोर ताला तोड़कर छह लाख रुपए के गहने सहित हजारों रुपए ले गए। घटना के समय परिवार रिश्तेदारी में बाहर गया था। जीवाजीगंज पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस ने बताया लक्ष्मण सिंह चौहान फ्रीगंज में फोटो स्टूडियो संचालित करते हैं। दानीगेट स्थित बिलोटीपुरा में उनका दो मंजिला मकान है। प्रथम तल में उनके छोटे भाई नंदकिशोर का परिवार रहता है। लक्ष्मण सिंह परिवार सहित 9 दिसंबर को ग्राम बिछड़ौद रिश्तेदारी में गए थे। इसी दौरान चोर ताला तोड़कर नंदकिशोर लक्ष्मण के कमरों में रखी अलमारी से लाखों रुपए के गहने और हजारों रुपए नगदी ले गए। रविवार सुबह पड़ोसी श्रवण सिंह भदौरिया ने फोन कर लक्ष्मण को ताला टूटा होने की सूचना दी थी। लक्ष्मण ने घर पहुंचकर कमरों की तलाशी ली तो सामान बिखरा और अलमारियों का लॉकर टूटा मिला। पुलिस ने बताया बदमाश सोने की पाटली, बाजूबंध, बाली, अंगूठी, चांदी की पायजेब 40 हजार रुपए ले गए हंै। जेवर की कीमत करीब छह लाख रुपए है।