पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • आवाज विधायक की हुई तो पार्टी कार्रवाई करेगी

आवाज विधायक की हुई तो पार्टी कार्रवाई करेगी

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
उज्जैन। प्रदेश में भाजपा सरकार के 11 वर्ष पूर्ण होने के मौके पर रविवार को बुलाई प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी की उपलब्धियों पर महिदपुर के भाजपा विधायक बहादुरसिंह चौहान की कथित आवाज वाले ऑडियो के सवाल भारी पड़े। अपेक्स बैंक के अध्यक्ष भंवरसिंह शेखावत यह कहकर जवाब देने से बचते रहे कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान कह चुके हैं कि मामले की जांच होगी और विधायक की आवाज साबित होती है तो पार्टी कार्रवाई करेगी।
फ्रीगंज स्थित भाजपा के संभागीय कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मीडिया के सवालों की झड़ी के बीच शेखावत ने कहा कि ऐसे मामले में बिना जांच कुछ नहीं कहा जा सकता। प्रदेश अध्यक्ष तक बात पहुंच गई है और वे मामले की जांच के लिए कह चुके हैं। जांच के नतीजे आने पर ही कार्रवाई तय होगी। प्रेस कॉन्फ्रेंस के पहले और बाद में भी ऑफ रिकॉर्ड नेताओं ने चौहान के कथित भाषण पर आश्चर्य जताया। इधर भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम बंसल ने बताया कि इस मामले में अभी प्रदेश इकाई से कोई निर्देश नहीं मिले हैं। पार्टी के दिशा-निर्देश अनुसार ही निर्णय लिया जाएगा।

भास्कर द्वारा इस मामले का खुलासा किए जाने के बाद रविवार को प्रदेश ही नहीं देशभर के भाजपा कार्यालयों में इस खबर को लेकर चर्चा रही। पार्टी सूत्रों की मानें तो प्रदेश स्तर पर भी यह मामला चर्चा में है। प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमारसिंह चौहान के यात्रा पर होने से रविवार को कोई कार्रवाई नहीं हुई लेकिन उनके लौटते ही इस मामले में हलचल दिखाई देगी। संभागीय मुख्यालय पर रहने वाले भाजपा के संगठन मंत्री राकेश डागोर भी यात्रा पर हैं। वे सोमवार या मंगलवार को लौटेंगे। उनके आने का इंतजार भी किया जा रहा है।

कांग्रेस को मिला मुद्दा : कांग्रेसइस मुद्दे को झपटने को तैयार है। प्रदेश कांग्रेस कार्य समिति सदस्य प्रतापसिंह गुर ने रविवार को बताया कि इस मामले को प्रदेश स्तर पर उठाया जाएगा। यदि मुख्यमंत्री मामले में विधायक पर कार्रवाई नहीं करते हैं तो कांग्रेस मुख्यमंत्री के साथ प्रधानमंत्री का पुतला भी जलाएगी। युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कुणाल चौधरी ने मामले की जानकारी ली और दिल्ली से लौटकर इस मुद्दे को जनता के बीच ले जाने की बात कही। महिदपुर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष हीरालाल आंजना ने कहा कि विधायक के ऑडियो से भाजपा का चेहरा बेनकाब हो गया है। प्रदेश के किसान खान, बिजली के लिए परेशान हैं और जनप्रतिनिधि स्वयं का विकास करने में लगे हैं।
- विधायक का ऑडियो | कांग्रेस ने कहा कार्रवाई नहीं हुई तो सीएम और पीएम का पुतला जलाएंगे।