उज्जैन। पॉलीहाउस में जिस तरह पौधे तैयार किए जाते हैं, उसी तरह अब सभी प्रकार की सब्जियां भी हर मौसम में तैयार की जा सकेगी। राष्ट्रीय मिशन फॉर सस्टेनेबल एग्रीकल्चर योजना के तहत उद्यानिकी विभाग जिले के किसानों को पॉली हाउस बनाने के लिए 50 प्रतिशत अनुदान देगा।
जनसंख्या को देखते हुए सब्जियों के उत्पादन में बढ़ोतरी की जाना राष्ट्रीय आवश्यकता बन गया है। केंद्र सरकार ने सब्जियों के उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए योजना बनाई है। अॉफ सीजन में कोई भी फसल उत्पादन एवं कृषकों की आय में वृद्धि के उद्देश्य से जिले में सब्जियों के पॉली हाउस की योजना बनाई है। इसमें कीट रहित सब्जियों का उत्पादन हर मौसम में किया जा सकेगा।
क्या करें किसान: जो भी अपनी जमीन पर पॉली हाउस बनाना चाहे वे कोठी स्थित उद्यानिकी विभाग में संपर्क कर सकते हैं। विभाग अनुदान प्रदाय करेगा और निर्माण की व्यवस्था करेगा।
कैसा होगा पॉली हाउस : पॉली हाउस नेट और पॉलीथिन से बना एक बड़ा सा घरनुमा स्थान होगा, जिसमें मौसम अनुकूलता के लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। पानी और नमी के लिए इसमें कृत्रिम बारिश होगी। ठंड और गर्मी के लिए उपकरण लगाए जाएंगे। जिस सब्जी को तैयार करना है उसके अनुरूप वातावरण बनाया जाएगा।
'' सब्जियों का उत्पादन बढ़ाने एवं किसानों की आय वृद्धि के लिए विभाग सब्जी पॉली हाउस बनाकर देगा लागत का 50 प्रतिशत अनुदान दिया जाएगा।'' एमएल हिरवाने, संयुक्त संचालक, उद्यानिकी।