किसानों को मिले बीमा क्लेम प्रमाण पत्र
कृषिमहोत्सव के अंतर्गत एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी इंडिया लिमिटेड द्वारा अनिवार्य रूप से किया जाने वाला फसल बीमा का क्लेम बुधवार को सामाजिक न्याय परिसर में समारोहपूर्वक जिले के किसानों को मिला है। शासन के निर्देशानुसार बीमित फसल पर क्लेम की करीब 147.63 करोड़ की राशि किसानों के बैंक खाते में जमा की गई है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के निर्देशानुसार जिले के किसानों को बीमा क्लेम की राशि का प्रमाण पत्र प्रदान किया। आगर रोड पर सामाजिक न्याय परिसर में दोपहर 1 बजे किसान सम्मेलन आयोजित किया गया। जिले के हजारों किसान मौजूद थे। साथ ही मंच पर राज्यसभा सदस्य डॉ. सत्यनारायण जटिया, योजना आयोग उपाध्यक्ष बाबूलाल जैन, महापौर रामेश्वर अखंड, शिक्षामंत्री पारस जैन, घट्टिया विधायक सतीश मालवीय, महिदपुर विधायक बहादुर सिंह चौहान, बड़नगर विधायक मुकेश पंड्या, श्याम बंसल, कलेक्टर कवींद्र कियावत, जिला पंचायत सीईओ एमपी पटेल, कृषि उपसंचालक एके नेमा, सहायक आयुक्त श्वेता रावत आदि मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन पद्मजा रघुवंशी ने किया एवं आभार महाप्रबंधक जिला केंद्रीय बैंक डीआर सरोठिया ने माना।
प्रतीकात्मकप्रमाण-पत्र प्रदान किए : कार्यक्रमके अंत में जिले के 110882 किसानों में से 10 किसानों को प्रतिकात्मक रूप में राष्ट्रीय फसल बीमा योजना के अंतर्गत खरीफ 2013 की राशि उनके बैंक खाते में जमा होने का प्रमाण पत्र भेंट किया।
कृषकों को प्रमाण-पत्र वितरित करते मंत्री पारस जैन, कलेक्टर कवींद्र कियावत।
कृषि कर्मण अवार्ड का श्रेय किसानों को
शिक्षामंत्री पारस जैन एवं कलेक्टर कवींद्र कियावत ने अपने उद्बोधन में कहा कृषि कर्मण अवार्ड राज्य सरकार को मिला है उसका श्रेय किसानों को जाता है।
हजारोंकिसान वंचित
घट्टियाविधायक सतीश मालवीय ने कहा लाखों किसानों को फसल बीमा का लाभ मिला है लेकिन हजारों किसान ऐसे भी हैं जिन्हें राष्ट्रीय फसल बीमा अंतर्गत 2013 में पाले से बर्बाद हुई फसल के लिए बीमा नहीं मिला। उन्होंने ऐसे किसानों की संख्या तो नहीं बताई किंतु कलेक्टर कियावत से कहा कई गांव ऐसे हैं जहां जीरो प्रतिशत नुकसान माना गया जबकि वास्तविकता में वहां नुकसान हुआ है।