उज्जैन। बेगमबाग रोड से रुद्रसागर तक नगर निगम द्वारा बनाए जा रहे फोरलेन में मकानों इमामवाड़े की बाधाएं हल हो गई हैं। सोमवार को संभागायुक्त की स्टैंडअप मीटिंग में सभी मुद्दों पर मौके पर ही चर्चा कर हल निकाले गए। संभागायुक्त ने बताया इमामवाड़े के लिए जयसिंहपुरा साइड में बेगमबाग से लगी जमीन दी जाएगी तथा मकानों का मामला रहवासियों से चर्चा कर हल किया जाएगा। यानी भवन स्वामी यदि मुआवजा चाहेंगे तो मुआवजा देंगे या फिर मकान की जगह दूसरी जगह मकान उपलब्ध कराएंगे। फिलहाल जितना हिस्सा निर्विवाद है, वहां मंगलवार से निर्माण शुरू हो जाएगा। संभागायुक्त ने कहा कोई भी काम बिना सबकी रजामंदी के नहीं होगा।
बेगमबाग फोरलेन की योजना करीब चार साल पहले बनी थी। निगम ने बेगमबाग से एक किसान के कब्जे की जमीन को मुक्त करा कर नया रोड बनाने की योजना बनाई थी। इसके निर्माण के लिए पहले जनसहयोग जुटाने की कोशिश की लेकिन बाद में इसे नगर निगम मद से बनाना तय हुआ। निगम ने 2.09 करोड़ रु. की योजना बनाई है। इसमें से फिलहाल फोरलेन कांक्रीट रोड और पुलिया का निर्माण किया जा रहा है।
ये भी लिए फैसले
- रोड की चौड़ाई कम नहीं होगी, फुटपाथ को कम कर मकान बचाए जा सकते हैं तो यह निर्णय लिया जा सकता है।
-मकान में रहने वालों को दूसरी जगह मकान या मुआवजा दिया जा सकता है।
-राजस्व और नगर निगम कर्मचारी मकानों का सर्वे कर रिकार्ड तैयार करेंगे।
आजसे ये काम : - 150 मीटर वाले हिस्से में कोई बाधा नहीं है, वहां तीन ब्लॉक बना कर सड़क और दीवार बनाने का काम मंगलवार से शुरू होगा।
- राजस्व ननि कर्मचारी चूने की लाइन डाल कर मकानों का कितना हिस्सा रोड में रहा है, निशान लगाएंगे।
हर प्रोजेक्ट के स्टाफ का कार्य विभाजन चार्ट : संभागायुक्त ने मेला अधिकारी अविनाश लवानिया से कहा हर प्रोजेक्ट का स्टाफ चार्ट बनाएं तथा कार्यविभाजन भी करें। चार्ट से पता चलेगा कौन अधिकारी, कर्मचारी काम के लिए जिम्मेदार है। जिम्मेदारी तय होने से उसी से बात करेंगे। यह बात संभागायुक्त ने तब कही, जब निगम के अधिकारी या तो मौके पर नहीं थे और जो थे उन्हें जानकारी नहीं थी।
मेला अधिकारी लवानिया ने सिंहस्थ निर्माण कार्यों की अपडेट जानकारी के लिए साॅफ्टवेयर बनाया है। इसका प्रजेन्टेशन भी संभागायुक्त को दिखाया।
सांसद और महापौर आए, अधिकारियों पर बरसे
सिंहस्थप्राधिकरण अध्यक्ष दिवाकर नातू, सांसद डॉ. चिंतामणि मालवीय और महापौर रामेश्वर अखंड पहली बार स्टैंडअप मीटिंग में पहुंचे। उन्होंने सूचना नहीं देने की शिकायत की। संभागायुक्त ने आश्वस्त किया अगली बार से सूचना मिल जाएगी। महापौर ने कहा अधिकारियों की अयोग्यता के कारण रोड का निर्माण नहीं हो पा रहा। नाला निर्माण के वक्त भी कहा था कि गलत बन रहा है लेकिन किसी अधिकारी ने ध्यान नहीं दिया। सांसद ने सड़क की चौड़ाई कम करने के सुझाव को खारिज करते हुए कहा योजना में कोई परिवर्तन नहीं होगा। मकानों को हटाने की जरूरत है तो उन्हें दूसरी जगह मकान दिए जा सकते हैं।
ये शिकायत
- पुलिया का निर्माण गलत तरीके से किया गया है।
- बेगमबाग के पीछे वाला नाला जाम रहता है, दीवार बन जाने से सफाई नहीं होगी।
ये समाधान
- इमामवाड़े के लिए जयसिंहपुरा साइड में बेगमबाग नाले से लगी जमीन दी जाएगी।
- मकानों के रहवासियों से चर्चा कर मकानों की बाधा हटाएंगे।
ये हैं बाधाएं
- मुस्लिमसमाज का इमामबाड़ा और करीब 12 मकान हटाए जाना हैं।
- रहवासियों का कहना है यदि फुटपाथ का हिस्सा कम कर दिया जाए तो मकान बच सकते हैं।
- रहवासी मकानों वाले हिस्से में सुरक्षा दीवार की ऊंचाई कम करने की मांग कर रहे हैं।
(कलेक्टर कियावत से चर्चा करते महापौर अखंड। )