उज्जैन। गंभीर डेम में बीते 24 घंटे में पांच बार जलप्रदाय जितना पानी बढ़ गया। दो दिन मावठे की बारिश का पानी डेम में आया है। डेम के जल संग्रहण क्षेत्र गौतमपुरा देपालपुर क्षेत्र में मावठा गिरने से बरसाती नालों और डबरों का पानी बह कर डेम में गया है। गंभीर डेम में शनिवार सुबह 1289 एमसीएफटी पानी दर्ज किया गया था। रविवार सुबह 1323 एमसीएफटी पानी दर्ज किया यानि शनिवार की अपेक्षा रविवार को डेम में 34 एमसीएफटी पानी ज्यादा है। इस बीच शहर में जलप्रदाय के लिए भी करीब 8 एमसीएफटी पानी लिया गया। यानि डेम में 24 घंटे में 42 एमसीएफटी पानी बढ़ा। शहर में एक बार जलप्रदाय के लिए औसत 8 एमसीएफटी पानी लिया जाता है। 42 एमसीएफटी से पांच बार जलप्रदाय हो सकता है।
अब तक 22 मोटरें जब्त की : इधर मावठे की बारिश के कारण खेतों में सिंचाई का काम रुक गया है। मावठे के कारण खेतों की पर्याप्त जल पूर्ति हो गई है। इससे डेम से पानी कम होने की रफ्तार भी घट गई है। डेम से रोजाना औसत 11 एमसीएफटी पानी कम हो रहा था, जो घटकर सात एमसीएफटी पर गया है यानि सिंचाई के लिए डेम में मोटरें नहीं चलाई जा रही। मोटरें चलने से डेम से औसत चार से पांच एमसीएफटी पानी कम हो जाता है। हालांकि गंभीर के जलसंग्रहण क्षेत्र में मोटरें पकड़ने के लिए पीएचई का गश्ती दल सक्रिय है। ग्राम बमनापानी और लिंबोदा से शनिवार को दो मोटरें जब्त की गईं थी। इन्हें मिला कर अब तक 22 मोटरें जब्त की जा चुकी हैं।
महापौर परिषद में जलप्रदाय व्यवस्था पर सवाल उठाए जाने से आयुक्त अविनाश लवानिया ने सोमवार दोपहर 12 बजे जलप्रदाय व्यवस्था की समीक्षा बैठक रखी है। इसमें गंभीर के जलस्तर और अन्य स्रोतों में उपलब्ध पानी की स्थिति तथा जलप्रदाय में पानी की जरूरत, अपव्यय और अन्य मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। पीएचई अधिकारी शीतलहर के चलते दो दिन छोड़ कर जलप्रदाय करने का सुझाव दे सकते हैं। इससे गंभीर का पानी बचाया जा सकता है। जनप्रतिनिधि इसके खिलाफ हैं। उनका कहना है कि पीएचई अपनी व्यवस्थाएं सुधारे और पानी का अपव्यय रोके। दो दिन पहले चकोर पार्क टंकी का स्कावर पाइप फूट जाने से लाखों लीटर पानी बह गया। इस कारण रविवार को भी टंकी से लगे इलाकों में पानी नहीं मिला। इधर सूत्रों का कहना है कि पाइप फूटने की बात गलत है, उंडासा फिल्टर प्लांट से डाली जा रही नई राइजिंग पाइप लाइन को टंकी से जोड़ने के लिए पानी बहाया गया। ठेकेदार रविवार को जलप्रदाय तक रुकने को तैयार नहीं था।
''मावठे के कारण गंभीर में पानी बढ़ा है। सोमवार को आयुक्त चैंबर में जलप्रदाय व्यवस्था की समीक्षा की जाएगी।'' आरके श्रीवास्तव, ईईपीएचई।
आज जलप्रदाय व्यवस्था की समीक्षा करेंगे आयुक्त ।