पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • उखड़े दिखे शाह, बात बात पर झल्लाए

उखड़े दिखे शाह, बात-बात पर झल्लाए

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
उज्जैन। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह शनिवार को उज्जैन में उखड़े नजर आए। वे बात-बात पर झल्लाते रहे और मीडिया के सवालों के जवाब भी नहीं दिए। शाह करीब एक घंटा शहर में रहे। भाजपा सूत्रों की मानें तो इंदौर से उज्जैन आते वक्त ही रास्ते में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कॉल गया था। मोदी ने उन्हें जल्दी दिल्ली लौटने को कहा था। निर्धारित समय शाम 4.30 बजे से डेढ़ घंटा पहले 2.55 बजे देवासरोड सर्किट हाऊस पहुंचे शाह आते ही संक्षिप्त स्वागत के बाद कक्ष में चले गए और हाथ-मुंड धोकर भोजन की टेबल पर बैठ गए। भोजन कर वे गाड़ी की तरफ चल दिए।
यहां नेताओं को स्वागत का मौका इसलिए मिल गया कि कार का ड्राइवर भोजन करके नहीं लौटा था। दो मिनट इंतजार के दौरान कई नेताओं ने स्वागत कर डाला। ड्राइवर को आता देख शाह खिन्न हो गए। गुस्से में कहा जल्दी कराओ न, मेरी फ्लाइट है। दूसरी गाड़ी लगाओ। शाह के लिए दूसरी गाड़ी लग गई और वे बैठ कर महाकाल मंदिर रवाना हो गए।

गाड़ी फंसी तो रुक गए स्वागत के लिए : इंदौरफोरलेन पर स्थित गार्डन में शाह का नगर भाजपा ने स्वागत रखा था। महाकाल से लौटते वक्त उन्हें रुकना था, पर मंदिर से ही कह दिया गया शाह कार्यक्रम में नहीं आएंगे। सारे नेता फोरलेन पर गए। शाह ने खिड़की खोले बिना अभिवादन किया लेकिन आगे कुछ गाडिय़ां ऐसी खड़ी थी कि कार नहीं निकल सकी।
इसी बीच नेता कार पर टूट पड़े। तभी पुलिस ने रास्ता साफ कर दिया और शाह की कार तेजी से आगे बढ़ गई। शाह पहले इंदौर जाकर दिल्ली की फ्लाइट पकड़ने वाले थे लेकिन बाद में पूरा कार्यक्रम बदल गया। वे समय से पहले आए और इंदौर की बजाए भोपाल रवाना हो गए।

10मिनट पहले आम दर्शन रोके : मंदिर प्रबंध समिति ने शाह के मंदिर पहुंचने से करीब 10 मिनट पहले गर्भगृह में प्रवेश रोककर मंदिर खाली कराया गया। मंदिर समिति के प्रशासक जोशी ने कहा शाह के मंदिर से रवाना होते आम दर्शन चालू कर दिए गए।
गार्ड को बुलाकर मीडिया को हटाया: महाकालमंदिर में पूजन कर बाहर आए अमित शाह को बातचीत के लिए मीडियाकर्मियों ने रोक लिया। लेकिन उन्होंने चर्चा से साफ इंकार दिया बावजूद इसके जब कैमरामैन आगे से नहीं हटे तो शाह ने सुरक्षागार्ड को बुलाकर मीडिया को हटाकर रास्ता बनाने के निर्देश दिए। बाद में सुरक्षा घेरे के बीच रवाना हुए।

ये बने गुस्से के शिकार : - सर्किट हाउस पर शाह की गाड़ी में सवार होने के लिए विधायक डॉ. मोहन यादव और नगर अध्यक्ष इकबालसिंह गांधी लपके। तभी अंदर से उन्हें इंकार कर दिया गया।

- महाकाल में चप्पल पहनते समय विधायक अनिल फिरोजिया से शाह को धक्का लग गया। शाह ने अनिल को देखा और फिर कहा पहले आप जाओ।

- विधायक सतीश मालवीय उनके पास पहुंचने की बार-बार कोशिश कर रहे थे। तीसरी बार जब वे शाह के करीब पहुंचे तो उन्होंने उन्हें देख कर कुछ कहा, इसके बाद मालवीय करीब नहीं गए।
(अमित शाह का स्वागत करते सांसद चिंतामणि मालवीय।)