भाई ने दुश्मन का साथ देकर करवा दी हत्या
छह दिन पहले शास्त्रीनगर में हुई युवक की हत्या के मामले में शनिवार को नीलगंगा पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्याकांड का खुलासा कर दिया। विवाद रुपए के लेन-देन को लेकर हुआ था। वारदात को अंजाम देने में मृतक का भाई भी शामिल था। आरोपियों को रविवार को कोर्ट में पेश करेंगे।
टीआई एमएस परमार ने बताया शांतिनगर के राजू पिता कैलाश कोल उसका भाई ब्रजेश क्षेत्र के किशोर पिता अर्जुन सिंह जाटव और गब्बू पिता कन्हैयालाल के साथ ईट भट्टे पर काम करते थे। किशोर का राजू से पैसों को लेकर विवाद चल रहा था। घटना वाले दिन चारों इंदौर से गाड़ी खाली करवाकर आए थे। चारों ने शास्त्रीनगर में शराब पी थी। इसी दौरान किशोर और राजू का मजदूरी के 1 हजार रुपए के लेन देन को लेकर झगड़ा हो गया। इस पर किशोर ने धारादार हथियार से राजू के दोनों हाथों की नसें काट दी थी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आरोपी की तलाश कर रहे थे। शनिवार को मुखबिर की सूचना पर किशोर, ब्रजेश और गब्बू को पकड़ लिया। सख्ती से पूछताछ करने पर तीनों ने राजू की हत्या करना कबूल लिया। आरोपियों को रविवार को कोर्ट में पेश करेंगे।
साथनहीं देने पर मृतक के भाई को धमकाया
टीआईपरमार के अनुसार मुख्य आरोपी किशोर है। उसने राजू की हत्या करने में साथ नहीं देने पर उसके भाई ब्रजेश और साथी गब्बू को जान से खत्म करने की धमकी दी थी। इस पर ब्रजेश और गब्बू भी वारदात में शामिल हो गए।
नीलगंगा पुलिस की गिरफ्त में तीनों आरोपी।