मलखंभ व जिमनास्टिक अकादमी भवन खाकचौक के पास बनाया जाएगा
उज्जैन | खाकचौक के नजदीक 84 महादेव में शामिल जटेश्वर महादेव मंदिर के पास मलखंभ व जिमनास्टिक अकादमी भवन बनाया जाएगा। कलेक्टर ने यहां मलखंभ और जिमनास्टिक अकादमी के लिए भूमि आवंटित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही इसी स्थान पर मॉडल स्कूल बनाने के लिए भी भूमि आवंटन के लिए कहा।
कलेक्टर कवींद्र कियावत ने मंगलवार सुबह अपने निवास पर राजस्व व शिक्षा विभाग की बैठक आयोजित की। इसमें भूमि चयन कर ताबड़तोड़ भूमि आवंटन के निर्देश दिए। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी संजय गोयल ने बताया विभाग को मॉडल स्कूल, क्षीरसागर स्कूल, पाठ्यपुस्तक निगम के ऑडिटोरियम और खेल एवं युवा कल्याण विभाग को शहर में मलखंभ व जिमनास्टिक अकादमी संचालन के लिए भोपाल स्तर से पत्र मिला है। इन संस्थानों के लिए अब तक उचित स्थान नहीं मिल पाया है। कलेक्टर ने बैठक में मौजूद राजस्व अधिकारियों से भूमि की उपलब्धता पर चर्चा की। राजस्व अधिकारियों ने शहर के कई हिस्सों में भूमि के विकल्प बताए। कलेक्टर ने दोनों अमलों के साथ शहर के विभिन्न स्थानों पर भूमि का स्थल मुआयना किया। अपर कलेक्टर संतोष वर्मा, नरेंद्र सूर्यवंशी, एसडीएम क्षितिज शर्मा, डीईओ संजय गोयल आदि मौजूद थे।
सामाजिक न्याय परिसर में टीबीसी ऑडिटोरियम
कियावत संस्थानों के भूमि चयन के लिए सुबह सामाजिक न्याय परिसर आगर रोड पहुंचे। इस भूमि के एक छोर पर कुछ लोगों के अतिक्रमण हटाने के लिए अपर तहसीलदार संजय शर्मा को निर्देशित किया। शिक्षा विभाग के अधिकारियों से चर्चा कर कलेक्टर ने क्षीरसागर स्कूल और टेस्ट बुक कॉर्पोरेशन ऑडिटोरियम बनाने के लिए भूमि चयन कर आवंटित करने के निर्देश दिए। यहां 0.800 हेक्टेयर में टीबीसी ऑडिटोरियम और क्षीरसागर स्कूल 0.500 हेक्टेयर में बनाया जाएगा।