रेल बजट में बढ़ सकते ट्रेनों के फेरे, मिल सकती नई गाड़ियां
रेल बजट पूर्व रेल मंत्री सुरेश प्रभु से मिलकर सांसद डॉ. चिंतामणि मालवीय ने उज्जैन को मिलने वाली रेल सुविधाओं में बढ़ोतरी की मांग की है। आगामी रेल बजट के बाद इंदौर- हावड़ा क्षिप्रा एक्सप्रेस, इंदौर जयपुर एक्सप्रेस और इंदौर पटना एक्सप्रेस ट्रेन सहित उज्जैन से होकर गुजरने वाली लंबी दूरी की करीब 8 ट्रेनों के फेरे बढ़ सकते हैं। इंदौर अमृतसर एक्सप्रेस को भी उज्जैन-मक्सी होकर चलाया जा सकता है।
रेल मंत्री के साथ सोमवार को बैठक में हुई चर्चा के बाद सांसद मालवीय ने आश्वास्त किया है कि रेल बजट में शहर के यात्रियों के लिए सुविधाएं बढ़ेगी। आगर झालावाड़ रेल परियोजना व उज्जैन फतेहाबाद गेज परिवर्तन को भी पूरा करने के लिए आगामी रेल बजट में शामिल किया जा सकता है। इंदौर- हावड़ा क्षिप्रा एक्सप्रेस में पेंट्री कार लगाने व इंदौर उज्जैन होकर जगन्नाथपुरी के लिए नई रेल सेवा प्रारंभ करने के लिए भी सांसद ने रेलमंत्री के सामने प्रस्ताव रखा है। उज्जैन- आगर- झालावाड़ रेल परियोजना का सर्वे स्वीकृत हो चुका है लेकिन इसके लिए राशि का आवंटन नहीं हुअा है।
गंभीर पर एक और ब्रिज
सांसद ने रेलमंत्री के सामने गंभीर नदी पर एक और ब्रिज निर्माण का प्रस्ताव भी रखा है। सांसद ने बताया नागदा- भोपाल रेल पथ का दोहरीकरण हो गया है लेकिन नागदा के बीच गंभीर नदी पर आज भी एकल ब्रिज है यहां दूसरे ब्रिज की जरूरत है।
इन ट्रेनों के फेरे बढ़ाए जाएं
इंदौर यशवंतपुर एक्सप्रेस ट्रेन को सप्ताह में तीन दिन चलाया जाए
इंदौर-हावड़ा क्षिप्रा एक्सप्रेस को सप्ताह में पांच दिन चलाया जाए
इंदौर-मुंबई सेंट्रल दुरंतो एक्सप्रेस को सप्ताह में चार दिन चलाया जाए
इंदौर- जयपुर एक्सप्रेस को सप्ताह में पांच दिन चलाया जाए
इंदौर पूना को सातों दिन चलाया जाए
इंदाैर- राजेंद्र नगर पटना एक्सप्रेस को सप्ताह में चार दिन चलाया जाए
इंदौर- अमृतसर एक्सप्रेस ट्रेन को उज्जैन-मक्सी होकर चलाया जाए
इंदौर-तिरूअनंतपुरम अहिल्यानगरी को सप्ताह में तीन दिन चलाया जाए
इन ट्रेनों में विशेष परिवर्तन की मांग
इंदौर रीवा एक्सप्रेस का समय बदला जाना चाहिए यह गाड़ी सप्ताह में तीन दिन इंदौर से सुबह 4 बजे चलती है और रात 10.30 बजे रीवा पहुंचती है। इसका समय बदलकर ऐसा होना चाहिए कि सुबह रीवा पहुंचे।
इंदौर- हावड़ा एक्सप्रेस में पेंट्री कार लगाना चाहिए
इंदौर- उज्जैन होकर जगन्नाथपुरी के लिए नई रेल सेवा प्रारंभ हो।
इंदौर- उज्जैन कोचुवेल्ली सुविधा स्पेशल ट्रेन सप्ताह में एक बार नियमित चले
जोधपुर-अजमेर रतलाम एक्सप्रेस को उज्जैन तक बढ़ाया जाए।
इंदौर सरायरूहिल्ला एक्सप्रेस में प्रथम श्रेणी वातानुकूलित का पूरा कोच लगवाया जाए