उज्जैन. लव जिहाद को लेकर हो रही बयानबाजी के कारण विवाद की स्थिति को देखते हुए इस बार गरबा पंडालों पर पुलिस का पहरा रहेगा। एसपी अनुराग ने शुक्रवार सुबह क्राइम मीटिंग में गरबा स्थलों पर विशेष चौकसी के निर्देश दिए हैं।
पुलिस कंट्रोल रूम स्थित अवंतिका सभागृह में एसपी अनुराग ने जिले की क्राइम मीटिंग ली। एसपी ने जनवरी से 31 अगस्त तक दर्ज अपराध, कार्रवाई और पेंडिंग मामलों की समीक्षा कर आने वाले पर्वों पर की जाने वानी सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में जिले के सभी अधिकारी थाना प्रभारियों को धार्मिक स्थलों पर विशेष चौकसी के निर्देश दिए।
एसपी ने संपत्ति संबंधी अपराधों में माल बरामदगी का प्रतिशत कम होने संतोषजनक कार्य नहीं करने पर 9 थाना प्रभारियों को फटकार लगाई। वहीं तीन टीआई को उनके द्वारा किए कार्य के लिए प्रशंसा भी की। करीब साढ़े तीन घंटे चली बैठक में एएसपी ग्रामीण पंकज श्रीवास्तव, सिटी एसएसपी डॉ.राजेश व्यास, माधवनगर सीएसपी विजय डावर, कोतवाली सीएसपी डॉ.सौरभ मिश्रा, जीवाजीगंज सीएसपी एसके नायक एवं जिले के सभी टीआई मौजूद थे।
तीन की प्रशंसा, नौ की निंदा
एसपी अनुराग ने संपत्ति संबंधी अपराधों में बरामदगी का प्रतिशत एवं अन्य कार्रवाई संतोषजनक होने पर नीलगंगा टीआई एमएस परमार, देवासगेट टीआई योगेंद्र सिंह सिसौदिया बड़नगर टीआई आर के नैन की प्रशंसा की। नानाखेड़ा टीआई विवेक कनोडिया, कोतवाली टीआई गोपाल परमार, महाकाल टीआई बीबी शर्मा, माकड़ौन टीआई ओपी राजे, उन्हेल टीआई डीके सैनी, इंगोरिया टीआई बीएल यादव, नरवर टीअाई सुखराम बगबैया को चेतावनी दी तथा खाराकुआं टीआई मुन्नी परिहार बिड़लाग्राम टीआई एफवीएस बैस के कार्य की निंदा की।