उज्जैन। विक्रम विवि में जल्द बौद्धिक संपदा कानून (आईटीआर) का सेंटर स्थापित होगा। जिसमें शोधार्थियों को नई वैज्ञानिक सोच आैर उसके पेटेंट संबंधी जानकारियां मिल सकेंगी। इसके साथ ही अगले सत्र से विवि में स्कूल ऑफ लॉ का एक नया विभाग भी खोला जाएगा। विवि में चल रही तीन दिनी अंतरराष्ट्रीय कांग्रेस के समापन पर शनिवार शाम मेपकास्ट के महानिदेशक डॉ.
पीके वर्मा एवं कुलपति प्रो. जवाहरलाल कौल ने यह घोषणा की। विवि में वैज्ञानिक नवाचार एवं बौद्धिक संपदा कानून विषय पर तीन दिनी अंतरराष्ट्रीय सेमिनार का आयोजन किया जा रहा है।
विवि परिसर स्थित स्वर्ण जयंती हॉल में शाम 4 बजे अंतरराष्ट्रीय सेमिनार का समापन समारोह हुआ। मुख्य अतिथि दिल्ली विश्वविद्यालय के विधि संकायाध्यक्ष डॉ. अश्विनी कुमार बंसल थे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में सांसद डॉ. चिंतामणि मालवीय, विधायक डॉ. मोहन यादव, दूरदर्शन आकाशवाणी के एडमिशन डायरेक्टर डॉ. मनोज कुमार पटेरिया एवं मेपकास्ट भोपाल के महानिदेशक डॉ. पीके वर्मा थे। अध्यक्षता कुलपति प्रो. जवाहरलाल कौल ने की। समारोह में डॉ. वर्मा ने घोषणा की कि मेपकास्ट के सहयोग से जल्द विक्रम विवि में आईटीआर सेंटर खोला जाएगा। कुलपति प्रो. कौल ने घोषणा की कि अगले सत्र से विवि में स्कूल ऑफ लॉ का नया विभाग खोला जाएगा। जिसमें बीएएलएलबी का पंचवर्षीय पाठ्यक्रम पहले चरण में शुरू होगा।
मुख्य अतिथि डॉ. बंसल ने कहा कि वैज्ञानिक नवाचारों से जुड़े बौद्घिक संपदा कानूनों को लेकर जन जागरूकता लाने की आवश्यकता है। सांसद डॉ. मालवीय ने कहा नए दौर में विकसित बौद्धिक संपदा कानूनों को लेकर सजगता जरूरी है।
कार्यक्रम को अन्य अतिथियों ने भी संबोधित किया। सेमिनार प्रतिवेदन समन्वयक प्रो. एमएस परिहार एवं आयोजन सचिव डॉ. अलका व्यास ने प्रस्तुत किया। संचालन डॉ. रूबल वर्मा ने किया एवं आभार प्रभारी कुलसचिव डॉ. डीके बग्गा ने माना। तीन दिनी सेमिनार में विभिन्न तकनीकी सत्रों में विषय विशेषज्ञों आैर शोधार्थियों ने 90 से अधिक शोधपत्रों का वाचन हुआ।
देरीसे शुरू हुआ समारोह: विविकी ओर से दोपहर 3 बजे समापन समारोह का समय दिया गया था लेकिन अतिथियों के इंतजार में करीब एक घंटा देरी से कार्यक्रम शुरू हुआ। इस कारण देशभर से आए विषय विशेषज्ञ, शोधार्थी विद्यार्थियों को परेशान होना पड़ा। दोपहर 3.45 बजे सांसद डॉ. मालवीय विधायक डॉ. यादव विवि पहुंचे। इसके बाद कार्यक्रम शुरू हुआ।
अंतरराष्ट्रीय सेमिनार के समापन पर कुलपति प्रो. कौल एवं मेपकास्ट के महानिदेशक डॉ. वर्मा ने की घोषणा
(समापन समारोह को संबोधित करते मेपकास्ट के महानिदेशक डॉ. पीके वर्मा एवं मंचासीन अतिथिगण)