उज्जैन। इंदौर रोड पर इस्को पाइप फैक्ट्री की जमीन पर विकसित की जा रही कालोनी गुलमोहर ग्रीन में निर्माण की वजह से अंबेडकर नगर की 12 मीटर की स्वीकृत सड़क 9 मीटर की हो गई है। सड़क छोटी होने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। अंबेडकरनगर अन्नपूर्णानगर के रहवासियों ने इसको लेकर आपत्ति ली है। उनका आरोप है कि टीएनसीपी (टाउन एंड कंट्री प्लानिंग) से सड़क की चौड़ाई जितनी स्वीकृत है,उसे कम कर दिया गया है। शिकायत सामने आने पर यूडीए की ओर से जांच के लिए नगर निगम की काॅलोनी सेल और टीएनसीपी को लिखा गया है।
इस्को पाइप फैक्टरी की जमीन को अजहर इंटरप्राइजेस प्रालि ने खरीदा था। यह कंपनी यहां गुलमोहर ग्रीन के नाम से काॅलोनी का विकास कर रही है। कालोनी के निर्माण के चलते यहां अंबेडकरनगर की सड़क की चौड़ाई कम हो गई है। ये आरोप अंबेडकर नगर अन्नपूर्णानगर के रहवासियों ने कलोनाइज़र पर लगाए हैं।
उनका कहना है कि सड़क की चौड़ाई 12 मीटर की है,जिसे काॅलोनी निर्माण के चलते 9 मीटर का किया गया है। सड़क की चौड़ाई कम होने से काॅलोनी के लोगों को आने-जाने में परेशानी होगी। उन्होंने यूडीए सीईओ शिवेंद्र सिंह को लिखित में शिकायत की है। यूडीए की ओर से नगर निगम की काॅलोनी सेल टीएनसीपी को लिखा है कि काॅलोनी का ले आऊट क्या स्वीकृत हुआ था,यहां सड़क की चौड़ाई कितनी है,इस बारे में जांच कर अवगत कराए। वहीं काॅलोनी निर्माण से जुड़े लोगों का तर्क है कि यूडीए ने 1987 में योजना बनाई थी,जिसमें 12 मीटर की सड़क रखी गई थी, बाद में 1991 में योजना का अपडेट किया गया जिसमें सड़क की चौड़ाई 9 मीटर की गई थी। जबकि रहवासियों की शिकायत है कि सड़क 12 मीटर की है,जिसे छोटा किया जा रहा है। मामले में जांच के बाद वस्तु स्थिति पता चल सकेगी।
लीज मामले में हाईकोर्ट में याचिका : उज्जैन विकास प्राधिकरण की ओर से इस्को पाइप फैक्टरी की जमीन की लीज का नवीनीकरण(आगामी 30 वर्ष तक के लिए) किए जाने के मामले में इंदौर हाईकोर्ट में जनहित याचिका पर सुनवाई चल रही है। आरोप है कि यूडीए ने विधि विरुद्ध लिज नवीनीकरण की है,इससे शासन को राजस्व का नुकसान हुआ है। प्रकरण में नगर निगम को कालोनी का नक्शा स्वीकृत करने अजहर इंटरप्राइजेस प्रालि को काॅलोनी के संबंध में हाईकोर्ट में जवाब पेश करना है।
''सड़क की चौड़ाई कम होने की शिकायत सामने आने पर नगर निगम की कालोनी सेल टीएनसीपी को जांच के लिए लिखा गया है। कालोनी के स्वीकृत नक्शे के बारे में भी जानकारी चाही है।'' शिवेंद्रसिंह,सीईओ यूडीए
''यूडीएने 1987 में जो योजना बनाई थी उसमें जरूर सड़क 12 मीटर की थी लेकिन बाद में 1991 में योजना को अपडेट किया गया था जिसमें सड़क 9-9 मीटर की गई थी। कालोनी के निर्माण की वजह से सड़क प्रभावित नहीं हुई है।'' वासु तिवारी,मैंनेजर,अजहर इंटरप्राइजेस प्रा.लि.।