15 मिनट में श्रद्धालु होल्डअप से घाट तक पहंुच सकेंगे
शिप्रा किनारे बनने वाले होल्डअप से 15 मिनट के अंदर श्रद्धालुओं को घाट तक पहुंचाने के लिए अधिकारियों ने रिकांस्ट्रक्शन किया। बाहरी जिलों से आई फोर्स के साथ अधिकारी खुद होल्डअप में घूमे। इसके अलावा घाटों पर होने वाली सुविधाओं के लिए स्थलों का मुआयना किया। मंगलवार को एडीएम अवधेश शर्मा, एएसपी अमरेंद्र सिंह व सीएसपी अभिषेक तिवारी ने गऊघाट से लेकर नृसिंह घाट तक निरीक्षण किया। सीएसपी ने लालकुआं, कर्कराज और नृसिंहघाट थाने के पुलिस बल को श्रद्धालुओं के घाट तक आने और निकलने के रास्तों के बारे में बताया। उन्होंने पुलिसकर्मियों से कहा कि हमें हर हाल में भीड़ को चलाते रहना है। किसी भी दशा में एक भी श्रद्धालु शिप्रा में स्नान के बाद घाट पर नहीं रुकेगा। लालपुल से लेकर नृसिंहघाट तक श्रद्धालुओं के निकलने के लिए चार रास्ते बनाए गए हैं। जो जयसिंहपुरा मार्ग पर निकलेंगे। सीएसपी ने बताया कि एेसी व्यवस्था की गई है कि कहीं भी भीड़ का आमना सामना नहीं होगा।
घाटों पर लगाए जा रहे होल्डअप
श्रद्धालुओं को घाटों तक पहुंचने से पहले होल्डअप से गुजरना होगा। एएसपी अमरेंद्र सिंह ने बताया कि होल्डअप का काम शुरू हो गया है। जिसे जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा। इसके अलावा स्नान के बाद श्रद्धालुओं को घाट और होल्डअप के बीच कपड़े बदलने की सुविधा रहेगी। साथ ही जगह-जगह टॉयलेट आदि बनाए जाएंगे।
लालपुल के पास बने होल्डअप से श्रद्धालु बनकर रिकांस्ट्रक्शन करते पुलिसकर्मी।