पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • चार घंटे की मशक्कत के बाद भी अखाड़ों की जमीन का बंटवारा विवाद नहीं सुलझा

चार घंटे की मशक्कत के बाद भी अखाड़ों की जमीन का बंटवारा विवाद नहीं सुलझा

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
उज्जैन। मंगलनाथ सिंहस्थ क्षेत्र में रामानंदी अखाड़ों की जमीन बंटवारे का विवाद मंगलवार शाम मेला कार्यालय में 4 घंटे चली बैठक के बाद भी नहीं सुलझा। अब बुधवार सुबह 10 बजे से आयुर्वेदिक कॉलेज स्थित जोन कार्यालय में तीनों अणि अखाड़ों के श्रीमहंतों के सामने फैसले किए जाएंगे।

मंगलनाथ जोन में अंकपात स्थित रामानंदी संप्रदाय के निर्वाणी, दिगंबर और निर्मोही अखाड़ों के खालसों और साधु संतों को सिंहस्थ में पड़ाव लगाने के लिए जमीन का आवंटन विवाद का मुद्दा बना हुआ है। मेला प्रशासन द्वारा निर्मोही अखाड़े के कुछ खालसों को किए गए जमीन आवंटन को लेकर शनिवार को साधुओं के दो गुट आमने-सामने हो गए थे। इसी मुद्दे को लेकर कोर्ट के आदेश से अभा अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत ज्ञानदासजी महाराज समस्या हल नहीं होने पर मेले के बहिष्कार का ऐलान कर दिया था। श्रीमहंत को आश्वस्त किया गया था कि विवादों का निपटारा कर दिया जाएगा। इसी कड़ी में यह मशक्कत की जा रही है। विवादों के हल के लिए मेला प्रशासन के अधिकारी प्रयास कर रहे हैं।

दिन में श्री महंतों ने लगाए मेला कार्यालय के चक्कर
मेला प्रशासन के आश्वासन के बाद मंगलवार दोपहर निर्वाणी अणि अखाड़े के श्रीमहंत धर्मदासजी, निर्मोही अखाड़े के श्रीमहंत परमात्मादासजी और उनके अन्य साधु संत मेला कार्यालय पहुंचे। परमात्मादासजी ने बताया कि विवाद का निपटारा अभी नहीं हुआ है और न ही अधिकारी मिल रहे हैं। इधर सिंहस्थ प्राधिकरण अध्यक्ष दिवाकर नातू, संभागायुक्त डॉ. रवींद्र पस्तोरव अन्य अधिकारियों ने दोपहर में विवादित स्थानों का अवलोकन किया।

आवेदनों पर किया मंथन
मंगलवार शाम 4 बजे से रात 8 बजे तक मेला कार्यालय में जमीन आवंटन समिति की बैठक हुई। बैठक में विवादित मामलों के अलावा अन्य आवेदन पत्रों पर भी मंथन किया गया। उन आवेदन पत्रों को हरी झंडी दे दी गई जिन्हें 2004 में जमीन आवंटित की गई थी। नए आए साधु संतों को जांच के बाद ही जमीन आवंटित होगी।

आज विवाद निपटाकर ही उठेंगे

सिंहस्थ प्राधिकरण अध्यक्ष व जमीन आवंटन समिति के प्रमुख दिवाकर नातू ने बैठक समाप्त होने के बाद बताया कि मंगलनाथ क्षेत्र के अखाड़ों की जमीन आवंटन के मामले बुधवार सुबह 10 बजे से मंगलनाथ जोन कार्यालय आयुर्वेदिक कॉलेज भवन में सुलझाए जाएंगे। रामानंदी तीनों अणि अखाड़ों के श्रीमहंतों को वहां बुलाया गया है। अखाड़ों के जमीन आवंटन मामले निपटाने के बाद ही समिति वहां से हटेगी। इसके बाद सभी जोन कार्यालयों पर ही प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

आठ साधुओं के खिलाफ दर्ज कराया मुकदमा

सांदीपनि आश्रम से सटी भूमि को निर्मोही अखाड़े के भगवानदास गुट के नरसिंहदास के नाम एलॉट किए जाने को लेकर हुए विवाद में जीवाजीगंज पुलिस ने राजेंद्रदास गुट की ओर से भी आठ साधुओं भगवानदास श्रृंगारी, नरसिंहदास, मदनमोहन दास, सीताराम दास, रामफलदास, बृजमोहनदास, राधे राधे उर्फ सुरेशदास और श्यामसुंदर दास के खिलाफ मारपीट का प्रकरण दर्ज कर लिया। भगवानदास ने कहा, घटना के दिन जो साधु उज्जैन में ही नहीं थे उनके नाम भी एफआईआर में है। उन्होंने बताया कि मेरे और नरसिंहदास के अलावा सभी संत प्रदेश में नहीं थे। एएसपी अमरेंद्र सिंह ने निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया है।


खबरें और भी हैं...