एक ही विषय में फिर कई विद्यार्थी फेल हुए
उज्जैन | विक्रम विवि में एक ही विषय में कई विद्यार्थियों के फेल होने का एक आैर मामला शुक्रवार को सामने आया। रिजल्ट से नाराज विद्यार्थियों ने शुक्रवार दोपहर विवि पहुंचकर कुलपति प्रो. एसएस पांडेय के समक्ष मूल्यांकन पर सवाल उठाते हुए दोबारा मूल्यांकन कराने की मांग की।
दोपहर करीब 12 बजे एनएसयूआई जिला उपाध्यक्ष मयूर नौघाने, आईटी सेल प्रमुख यशवंत चौहान एवं छात्रनेता मोहम्मद अनवर के साथ विद्यार्थी कुलपति कार्यालय पहुंचे। नौघाने बताया हाल ही में विवि ने बीकॉम तृतीय सेमेस्टर कम्प्यूटर एप्लीकेशन का रिजल्ट घोषित किया है। इनमें फ्यूचर विजन कॉलेज के लगभग 100 विद्यार्थियों में से मात्र आधा दर्जन विद्यार्थी ही पास हुए हैं। विद्यार्थियों ने मूल्यांकन को गलत ठहराते हुए विषय विशेषज्ञों से दोबारा मूल्यांकन कराने की मांग की। इस मुद्दे को लेकर छात्र नेताओं की प्रो. पांडेय से बहस भी हुई। छात्र नेताओं ने बताया कुलपति ने इस मामले में रिव्यू कराने का आश्वासन दिया है। विवि में गुरुवार को भी रिजल्ट बिगड़ने से नाराज बीएएमएस प्रथम वर्ष (एटीकेटी) के विद्यार्थियों ने हंगामा मचाया था।
आज मंडी बंद : उज्जैन | शनिवार को बैंक अवकाश होने से कृषि उपज मंडी में नीलामी कार्य नहीं होगा। मंडी प्रशासन ने किसानों से इस दिन कृषि उपज विक्रय के लिए नहीं लाने का अनुरोध किया है।