पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • ग्रहों के विशेष योग का सिंहस्थ और जमीं पर सितारे भी

ग्रहों के विशेष योग का सिंहस्थ और जमीं पर सितारे भी

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
सिंहस्थ का आयोजन गुरु, सूर्य और चंद्रमा के विशेष योगों में होता है। सिंहस्थ में जहां आसमान पर नक्षत्रों की रौनक होगी, वहीं मेला क्षेत्र की जमीन पर फिल्मी सितारों के रंग दिखाई देंगे। अनेक साधु-संतों और सामाजिक, धार्मिक संस्थाओं से फिल्मी सितारे जुड़े हुए हैं। सिंहस्थ में वे इनके पंडालों की शोभा बनेंगे। मेले की तैयारी के चलते इन सितारों के नाम अभी से चर्चा में आ गए हैं।

पं. देव प्रभाकर शास्त्री दद्दाजी के सिंहस्थ कैंप की तैयारी शुरू हो गई है। उनकी टीम ने शुक्रवार को डेरा डाल दिया। टीम ने नए बायपास के पास स्थित पड़ाव स्थल का अवलोकन किया। इस मौके पर उनके शिष्य फिल्म अभिनेता आशुतोष राणा विशेष तौर से मौजूद थे। राणा के आने से मेला क्षेत्र में फिल्मी कलाकारों की मौजूदगी दर्ज हो गई। शिविर में राजपाल यादव, गोविंद नामदेव, रेणुका शहाणे, मुकेश तिवारी भी आएंगे। राणा दद्दाजी के बड़े आयोजनों में अक्सर मौजूद रहते हैं। वे सिंहस्थ के दौरान भी दद्दाजी के अनुष्ठानों में शामिल रहेंगे।

अवधेशानंदजी के शिविर में ड्रीम गर्ल
जूना अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरिजी के सिंहस्थ शिविर में ड्रीम गर्ल हेमा मालिनी आएंगी। मेले के दौरान पंडाल में वे तीन घंटे की नृत्य नाटिका प्रस्तुत करेंगी। कार्यक्रम की तारीख तय की जा रही है। उनके साथ अन्य कलाकार भी होंगे।

अवधूत बाबा के शिविर में भी सितारे
नए बायपास पर अवधूत अरुण गिरिजी महाराज का पंडाल है। मेले के दौरान वे 1008 कुंडीय यज्ञ करेंगे। इस यज्ञ के दौरान अनेक फिल्मी सितारों के आने की संभावना है। आश्रम सूत्रों की मानें तो बिपाशा बसु और सलमान खान के नाम लगभग तय हैं।

इस्कॉन में आ सकती रानी मुखर्जी
इस्कॉन का सिंहस्थ शिविर खाकचौक के पास लगाया जा रहा है। इस्कॉन से फिल्म अदाकारा रानी मुखर्जी जुड़ी हुई हैं। शहर में इस्कॉन मंदिर के शुभारंभ अवसर पर भी वे कार्यक्रम में शामिल होने उज्जैन आई थीं। सिंहस्थ में भी वे अपनी उपस्थिति दर्ज करा सकती हैं।

खबरें और भी हैं...