शिव-शक्ति यज्ञ आज से, 1100 महिलाओं के साथ शोभायात्रा
सिंहस्थ की सफलता की कामना से पीपलीनाका गुमानदेव हनुमान मंदिर के पास मैदान में शनिवार से शिव-शक्ति यज्ञ शुरू होगा। सुबह 9 बजे महाकाल मंदिर से आकर्षक कलश यात्रा निकाली जाएगी। महाकाल मंदिर के पुजारी प्रदीप गुरु द्वारा जनकल्याण के उद्देश्य से यह यज्ञ कराया जा रहा है। 20 फरवरी तक चलने वाले 11 कुंडीय यज्ञ में 81 ब्राह्मण 12 लाख 51 हजार से अधिक आहुतियां डालेंगे। महाकाल मंदिर से आरंभ होकर शोभायात्रा बैंड, बाजे, ढोल, तोपची, हाथी-घोड़े, बग्घी के साथ गुदरी चौराहा, गोपाल मंदिर, कंठाल, निकास, अंकपात मार्ग होकर पिपलीनाका स्थित यज्ञ स्थल श्री अवंतिका महाकाल मंडपम् पहुंचेगी। यात्रा में भजन मंडलियां, साधु-संत, गणमान्य नागरिक एवं 1100 महिलाएं भी शामिल रहेगी। इसके समापन के साथ अग्नि का आह्वान करते हुए यज्ञ शुरू किया जाएगा। पं. निर्मल जोशी के आचार्यत्व में प्रतिदिन सुबह 6 से दोपहर 2 बजे तक यज्ञ चलेगा। दोपहर 3 से शाम 6 बजे तक पं. हरिनारायण शास्त्री की भागवत कथा होगी। 16 फरवरी को यज्ञ में जूना पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंदगिरि महाराज यज्ञ में आहुति देने उज्जैन आएंगे। यज्ञ आयोजन समिति के पुजारी बबलू गुरु, मनोज बगाया, रितेश शर्मा, कुलदीप जोशी, उमेश पंड्या, मोहित ठाकुर, वीरेंद्र शर्मा, राजेन्द्र सिसौदिया ने नगर की धर्मप्राण जनता से जनकल्याण हेतु आयोजित शोभायात्रा एवं यज्ञ में आहुति देने का अनुरोध किया है।