- Hindi News
- रिकार्ड 11 घंटे में बनाया बगीचा, 100 पौधे लगाए
रिकार्ड 11 घंटे में बनाया बगीचा, 100 पौधे लगाए
सेठीनगररोड पर मैगजीन शाह बाबा की दरगाह के पास नगर निगम ने रिकार्ड 11 घंटे में बगीचा बना डाला। इसमें 100 पौधे भी लगा दिए। बुधवार को दरगाह इंतजामिया कमेटी के अध्यक्ष सलीम शाह ने फिर विरोध की कोशिश की और काम रोकने की मांग को लेकर धरना शुरू कर दिया। प्रशासन ने दस्तावेजों के आधार पर बगीचे का काम रोकने से इंकार कर दिया। बुधवार रात तक काम चलता रहा।
दरगाह के पास वाली जमीन पर निगम द्वारा बगीचा बनाने का इंतजाम कमेटी के पदाधिकारियों ने यह कहते हुए विरोध किया कि जमीन पर वक्फ बोर्ड का स्टे है। सदर सलीम शाह के विरोध के चलते बुधवार को भी पुलिस बल लगाया गया। निगमायुक्त अविनाश लवानिया और पार्षद रजनी कोटवाणी भी मौके पर पहुंचे। प्रशासनिक हस्तक्षेप के कारण बगीचा निर्माण का काम नहीं रोका गया। एएसपी डॉ. असित यादव, सीएसपी विजय डावर टीआई माधवनगर आरके सिंह ने दरगाह कमेटी के सदर के दस्तावेज देखे और कहा निर्माण स्टे वाली जमीन पर नहीं है। इसलिए काम नहीं रुकेगा। यदि कोई बात कहनी है तो कोर्ट या नगर निगम जाएं। इधर निगम के प्रभारी सहायक यंत्री चंद्रकांत शुक्ला ने बताया बगीचा सर्वे नंबर 4279 पर बनाया जा रहा है। स्टे सर्वे नंबर 4280 पर है। हमने यह जमीन छोड़ी है। इसलिए विवाद की कोई स्थिति नहीं है। निगम ने 11 घंटे में बगीचा बना दिया है और 100 पौधे भी रोप दिए हैं। गुरुवार सुबह गेट लगाने का काम होगा।
धरना देते सलीम शाह।
मौके पर मौजूद निगम आयुक्त लवानिया अन्य अधिकारी।