- Hindi News
- बैंक से रुपए चोरी कर भागा युवक दो घंटे में पकड़ाया
बैंक से रुपए चोरी कर भागा युवक दो घंटे में पकड़ाया
क्राइम रिपोर्टर | उज्जैन। तेलीवाड़ास्थित यूको बैंक से एक युवक 18 हजार रुपए लेकर भाग गया। कोतवाली पुलिस ने दो घंटे बाद ही आरोपी युवक को पकड़ कर मामले का खुलासा कर दिया। पुलिस युवक को बुधवार को कोर्ट में पेश करेगी।
सीएसपी मयंक अवस्थी ने बताया बिलोटीपुरा निवासी राजेश उर्फ राजेंद्र सिंह ठाकुर इलेक्ट्रीशियन है। वह मंगलवार दोपहर 3 बजे यूको बैंक में खाता बंद कराने आया था। यही पर अब्बास चंदूवाला सेल्फ चेक से 18 हजार रुपए निकालने आया था। दोनों केश काउंटर पर खड़े थे। जब कैशियर अंजलि ने अब्बास को रुपए देने के लिए हाथ बढ़ाया तो उसका ध्यान नहीं था। तभी राजेश ने कैशियर से रुपए ले लिए और बिना बताए चला गया। जब अब्बास और कैशियर अंजलि को घटना का पता चला तो दोनों को खाता बंद करवाने आए राजेश पर शंका होने की रिपोर्ट दर्ज करवाई। मामले में प्रधान आरक्षक सलीम, अमरसिंह और अनिल सिंह परिहार ने राजेश की खोजबीन की तो वह शाम करीब 5 बजे ढाबा रोड स्थित गेबी साहब की गली में स्थित घर पर मिल गया। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने वारदात कबूली। राजेश से 18 हजार रुपए बरामद कर लिए। सराहनीय कार्य के लिए एसपी एमएस वर्मा ने आरोपी को पकड़ने वाली टीम को 5 हजार रुपए इनाम की घोषणा की है।