आज से मशीनों की टेस्टिंग मरीजों की होगी डायलिसिस
जिला अस्पताल के ईएनटी वार्ड में लगी पांच डायलिसिस मशीनों की सोमवार से फाइनल टेस्टिंग शुरू होगी। ओके रिपोर्ट आने के बाद वार्ड का कल्चर होगा। वार्ड व मशीनों के कीटाणु मुक्त होने की रिपोर्ट आने पर मरीजों के लिए डायलिसिस शुरू कर दी जाएगी। मरीजों से इसका कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।
संभाग के सबसे बड़े जिला अस्पताल में पांच डायलिसिस मशीनें ईएनटी वार्ड में लगाई गई है। इनका उदघाटन 26 जनवरी को हो चुका है हालांकि मरीज इस सुविधा से अभी वंचित हैं। आरओ लगाने का काम बाकी था, जो हो गया है। साेमवार को मशीनों की टेस्टिंग का काम होगा। उसके बाद वार्ड का कल्चर करवाया जाएगा। मेडिकल कॉलेज में इसकी जांच करवाई जाएगी। रिपोर्ट में कीटाणु आदि नहीं पाए जाते हैं तो डायलिसिस शुरू कर दी जाएगी।
खर्च व्यवस्था का इंतजार
माधवनगर अस्पताल में ट्रामा सेंटर होने की वजह से यहां सिटी स्केन मशीन को लगाया गया है। मशीन चालू हो चुकी है। कर्मचारियों को ट्रेनिंग भी दी जा चुकी है। अब मशीन के संचालन में आ रहे खर्च की व्यवस्था का इंतजार हो रहा है। करीब 5 लाख रुपए मिलने पर मरीजों की सिटी स्केन होना शुरू होगी।
यह करें लोग
अपना रजिस्ट्रेशन अभी से करवा लें। आरएमओ कार्यालय में सुबह 8 से दोपहर 1 व शाम 5 से 6 बजे के बीच में मरीज अपना पंजीयन करवा सकते हैं। मशीन चालू होने पर उनकी डायलिसिस होने लगेगी।
सोमवार को मशीनों की फाइनल टेस्टिंग होगी। उसके बाद कल्चर किया जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद मरीजों की डायलिसिस शुरू कर दी जाएगी। डॉ.डीपीएस गहरवार, सिविल सर्जन