आज सोना-चांदी नहीं मिलेंगे सराफा की 200 दुकानें बंद
सराफा दुकानें बुधवार को बंद रहने के कारण लोग बाजार से सोना-चांदी नहीं खरीद पाएंगे। व्यापारी भारत सरकार के 2 लाख रुपए की ज्वेलरी खरीदी पर पेनकार्ड की अनिवार्यता के नियम के विरोध में आंदोलन कर रहे हैं। इसके चलते दिनभर शहर के चारों सराफा बाजार की 200 दुकानें बंद रहेगी।
लखेरवाड़ी, पटनीबाजार, फ्रीगंज व नयापुरा की सभी सोना-चांदी की दुकानें नहीं खोली जाएगी। सराफा व्यापारी अपना कारोबार बंद रखकर धरना देंगे। पटनी बाजार सर्राफ व्यापारी एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक जडिया ने कहा व्यापारी 2 लाख की ज्वेलरी खरीदी पर पेनकार्ड की अनिवार्यता को 10 लाख रुपए तक करने की मांग को लेकर ये आंदोलन कर रहे हैं। जो देशभर में एक साथ हो रहा है। उज्जैन में भी सैकड़ों व्यापारी बाजार बंद रख धरना प्रदर्शन में शामिल होंगे। सरकार यदि व्यापारियों की मांग मान लेती है तो इससे सबसे बड़ा लाभ ग्रामीण किसानों को मिलेगा क्योंकि अधिकांश किसानों के पास पैनकार्ड नहीं होता।
पांच साल बाद बंद होगा सराफा
व्यापारियों ने इसके पहले एक्साईज ड्यूटी समाप्त करने की मांग को लेकर उज्जैन सराफा बाजार 17 मार्च से 8 अप्रैल 2012 तक यानी 23 दिन बंद रख आंदोलन किया था। देशभर में आंदोलन हुआ और सरकार ने ड्यूटी समाप्त कर दी थी। 5 साल के बाद अब सराफा एक दिन के लिए बंद रहेगा।