वसंत पंचमी पर आज भी शादियां महाकाल काे लगाएंगे गुलाल
वसंत पंचमी पर शनिवार को अबूझ मुहूर्त में जमकर शादियां होंगी। महाकालेश्वर मंदिर में शाम 7.30 बजे संध्या आरती में भगवान काे वसंत अर्पित किए जाएंगे। पुजारी आशीष गुरु ने बताया महाकाल को अबीर-गुलाल लगाकर होली खेलेंगे। हालांकि इस बार दो दिन पर्व होने से शुक्रवार से ही पंचमी का उत्सव शहर में शुरू हो गया। विद्यार्थियों ने जहां देवी सरस्वती पूजन किया तो कई जगह शादी-समारोह में दूल्हा-दुल्हन सात फेरे लेकर शादी के बंधन में बंधे। बाजार में खरीदारी होने से कारोबार भी चमक उठा है।
2 माह में 5 मुहूर्त: पं. श्यामनारायण व्यास ने कहा फरवरी में 22, 24, मार्च में 2, 5 व 10 तारीख को शादी के श्रेष्ठ मुहूर्त आएंगे। 14 मार्च से मलमास लगेगा।
वैष्णव मंदिरों में 40 दिन की होली शुरू
ढाबारोड श्रीनाथजी सहित शहर के वैष्णव मंदिरों में शुक्रवार से 40 दिनी होली शुरू हो गई। अब प्रतिदिन मंदिरों में दोपहर 12 बजे राजभोग में भक्त ठाकुरजी के संग अबीर-गुलाल उड़ाकर होली खेलेंगे।
महंगे-सस्ते के बीच लोग खरीद रहे सोना
वसंत पंचमी पर शादी-ब्याह होने से इन दिनों सोना महंगा-सस्ता होने के बावजूद लोग खरीदी कर रहे हैं। पटनी बाजार के सोना-चांदी के प्रमुख दलाल कैलाश कौशिक ने कहा गुरुवार रात 29700 रुपए प्रति 10 ग्राम में बिका सोना शुक्रवार को घटकर 29100 रुपए हो गया। पिछले सप्ताहभर से दाम घट-बढ़ रहे लेकिन इसका खरीदी पर कोई असर नहीं पड़ा।
अनादि कल्पेश्वर का सरस्वती स्वरूप में शृंगार
महाकालेश्वर मंदिर में स्थित अनादि कल्पेश्वर महादेव का शुक्रवार को सरस्वती स्वरूप में शृंगार किया गया।