शिवरात्रि पर महाकाल टनल से हो सकेंगे दर्शन
यदि सबकुछ ठीक रहा तो 7 मार्च को शिवरात्रि महापर्व पर देशभर से उज्जैन में उमड़ने वाले हजारों श्रद्धालुओं को मंदिर प्रबंध समिति नए टनल मार्ग से प्रवेश देकर मंदिर में दर्शन कराएगी। इसके लिए मंदिर के बाहर टनल तक पहुंचने के लिए नया रोड तैयार किया जा रहा है।
नगर निगम ने टनल का निर्माण पूरा कर लिया है। इसमें सिर्फ मंदिर के अंदर का हिस्सा जोड़ना बाकी है। फेसेलिटी सेंटर काम 90 प्रतिशत हो चुका है। इसमें प्लास्टर, फिनिशिंग व लाइटिंग का काम चल रहा है। बाहर रोड बनाने का काम दिन-रात जारी है। दो दिन पहले कलेक्टर कवींद्र कियावत निर्माण की स्थिति देखने पहुंचे थे। उन्होंने अधिकारियों की बैठक लेकर 28 फरवरी तक काम पूरा करने के निर्देश दिए हैं। महाकाल मंदिर समिति के प्रशासक आरपी तिवारी ने कहा मंदिर में शिवरात्रि पर्व को लेकर सभी तैयारियां की जा रही हंै। 28 फरवरी से शिव नवरात्रि शुरू हो जाएगी। 7 मार्च को शिवरात्रि पर श्रद्धालुओं को टनल मार्ग से दर्शन कराने के पूरे प्रयास कर रहे हैं।