कुछ तो ऐसा करो कि लोग याद रखें
भास्कर संवाददाता. उज्जैन। नगरनिगम आयुक्त अविनाश लवानिया का धैर्य गुरुवार को जवाब दे गया। टीएल बैठक में पेयजल पाइप लाइनों को कभी सड़क बनाने और कभी टेलीफोन लाइन डालने वाले ठेकेदारों द्वारा फोड़ने की शिकायत पर वे पीएचई अधिकारियों पर बरस पड़े। उन्होंने कहा कुछ तो ऐसा करो कि लोग याद रखें। उन पर इतना तगड़ा जुर्माना लगाओ कि दूसरी बार पाइप लाइन फोड़ने से पहले सोचें।
पाइप लाइनें फूटने से शहर में गंदा पानी आने की शिकायतें बढ़ती जा रही हैं। बैठक में आयुक्त ने इसका कारण पूछा तो पीएचई के लोग फिर पाइप लाइनें फोड़ने का बहाना लेकर बैठ गए। आयुक्त ने फटकार लगाते हुए कहा कि निगम प्रशासन की भी हैसियत है। इस तरह हमारी सड़कों, पाइप लाइनों को कोई कैसे नुकसान पहुंचा सकता है।
वर्कशॉपसे छीने वाहन: आयुक्तने सख्ती से अतिक्रमण हटाने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी की सिफारिश पर काम नहीं रुकना चाहिए। सबसे ज्यादा शिकायतें प्रकाश विभाग की पाए जाने पर उन्होंने उपयंत्री जितेंद्र श्रीवास्तव को सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने उपायुक्त आरपी श्रीवास्तव को वर्कशॉप को सुधारने की हिदायत दी। प्रकाश विभाग के 6 वाहनों का चार्ज तुरंत वर्कशॉप से लेकर प्रकाश विभाग को दे दिया।
सड़कोंका सुधार और पार्किंग :बारिश में बर्बाद हो गई सड़कों का सुधार, पैचवर्क और डामरीकरण के प्रस्ताव बनाने के साथ पार्किंग स्थल विकसित करने के निर्देश भी आयुक्त ने दिए।
आपकंपलसरी रिटायरमेंट ले लो: लवानियाने जोन 2 के कार्यपालन यंत्री आरके वर्मा से कह दिया कि आप अब कंपलसरी रिटायरमेंट ले लो। वर्मा को जोन से संबंधित जानकारियां नहीं थी। आयुक्त की फटकार पर वर्मा ने कहा मैं तैयार हूं। आयुक्त ने कहा अभी लिख कर दो। इस पर वर्मा बैठक से चले गए और वापस नहीं लौटे।